भारतीय फुटबॉल टीम 3 अक्टूबर को कोलकाता में पांच बार की विश्व विजेता ब्राजील के खिलाफ एक ऐतिहासिक दोस्ताना मैच खेलेगी। ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन ने एक आधिकारिक प्रेस रिलीज के जरिए इस मुकाबले की तारीख और वेन्यू की पुष्टि कर दी है। इसके अलावा उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट भी शेयर की है। भारत कोलकाता के सॉल्ट लेक स्टेडियम में ब्राजील की टीम की मेजबानी करेगा। साल 1992 में फीफा विश्व रैंकिंग की शुरुआत के बाद से भारत का सामना करने वाली ब्राजील अब तक की सबसे टॉप रैंक वाली टीम होगी। वर्तमान में फीफा रैंकिंग में ब्राजील 5वें स्थान पर है। दुनिया भर की तरह भारत में भी ब्राजील फुटबॉल के करोड़ों प्रशंसक मौजूद हैं, और ब्राजील के बाहर भारत को उनके सबसे बड़े फैन बेस में से एक माना जाता है। AIFF के उप महासचिव एम. सत्यनारायण ने इस अवसर को भारतीय फुटबॉल के इतिहास का एक मील का पत्थर बताया। वहीं राष्ट्रीय टीमों के निदेशक सुब्रत पॉल ने कहा कि भारतीय खिलाड़ियों के लिए यह सिर्फ एक मैच नहीं, बल्कि दुनिया की सबसे महान फुटबॉल टीमों में से एक के खिलाफ खुद को परखने का एक दुर्लभ अवसर है। उन्होंने कहा कि इस तरह के अनुभव खिलाड़ियों को आगे बढ़ने, बड़े सपने देखने और करियर भर याद रहने वाली यादें बनाने की प्रेरणा देते हैं। ब्राजील जैसी दिग्गज टीम के भारत दौरे की खबर से देश के फुटबॉल फैंस में जबरदस्त उत्साह का माहौल है। सॉल्ट लेक स्टेडियम में होने वाले इस मुकाबले के लिए फैंस अपने पसंदीदा अंतरराष्ट्रीय सितारों को लाइव देखने के लिए बेहद उत्सुक नजर आ रहे हैं। खेल विशेषज्ञों का भी मानना है कि इस ऐतिहासिक मैच से न सिर्फ भारत में फुटबॉल की लोकप्रियता को एक नया आयाम मिलेगा, बल्कि युवा भारतीय एथलीटों को भी बड़े स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने की नई ऊर्जा प्राप्त होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *