प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के एक एक्स पोस्ट ने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है. पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव की सरगर्मी थमने के बाद पीएम मोदी जी पड़ोसी राज्य सिक्किम की राजधानी गंगटोक में बच्चों के साथ फुटबॉल खेलते नजर आए. कभी खुद गोल मारते दिखे तो कभी बच्चों का हौसला बढ़ाते हुए टीम का जोश हाई करते दिखाई दिए. उनका यह अंदाज़ लोगों को खूब पसंद आ रहा है और उनकी तस्वीरें तेजी से वायरल हो रही हैं. दरअसल, पीएम मोदी जी ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर तस्वीरें साझा की है, जिसमें वह बच्चों के साथ मैदान में फुटबॉल खेलते नजर आते हैं. उन्होंने पोस्ट में लिखा कि ‘युवा साथियों के साथ फुटबॉल खेलने जैसा कुछ नहीं’. तस्वीरों में देखा जा सकता है कि पीएम मोदी जी पूरी ऊर्जा के साथ बच्चों के बीच उतरते हैं. कभी गेंद को किक करते हैं तो कभी बच्चों को पास देते हैं. बच्चों की यह सहजता और उत्साह मैदान का माहौल और भी जोशीला बना देता है. कई बार वह खुद गोल करने की कोशिश करते नजर आते हैं, तो कई बार बच्चों को गोल करने के लिए प्रेरित करते हैं. इस दौरान पीएम मोदी जी युवाओं के साथ बातचीत भी की और खेल के जरिए फिटनेस और टीम स्पिरिट का संदेश दिया. राजनीतिक रूप से भी इस तरह के दृश्य अहम माने जा रहे हैं, क्योंकि पश्चिम बंगाल में चुनावी माहौल गरम है. ऐसे में पीएम मोदी जी का बच्चों के साथ यह जुड़ाव एक सॉफ्ट इमेज बनाने और युवाओं तक पहुंचने की रणनीति के तौर पर भी देखा जा रहा है. सोशल मीडिया पर इस वीडियो को लेकर यूजर्स अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. कई लोग इसे ‘ग्राउंड कनेक्ट’ बता रहे हैं, तो कुछ इसे चुनावी दौर में जनता से जुड़ने का तरीका मान रहे हैं. हालांकि, यह तय है कि पीएम मोदी जी का यह फुटबॉल वाला अंदाज चर्चा के केंद्र में आ गया है और राजनीति के बीच एक अलग तस्वीर पेश कर रहा है.
