पश्चिम बंगाल के BJP नेता शुभेंदु अधिकारी जी के पर्सनल असिस्टेंट चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले में पुलिस ने 3 लोगों को हिरासत में लिया है। इन्हें कहां से पकड़ा गया, इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है। चंद्रनाथ रथ की मां ने कहा कि शुभेंदु अधिकारी जी ने ममता बनर्जी जी को हराया, इस हार का बदला मेरे बेटे की हत्या कर लिया गया। कुछ नेताओं ने पहले धमकी दी थी कि 4 तारीख के बाद कोई बचा नहीं पाएगा। पहले चंद्रनाथ को 4 गोलियां लगने की खबर आई थी, लेकिन पुलिस ने अभी तक इसकी पुष्टि नहीं की है। भाजपा का आरोप है कि रथ की हत्या की साजिश TMC ने ही रची थी। चंद्रनाथ की हत्या बुधवार देर रात 10.30 बजे की गई थी। वे कोलकाता से मध्यमग्राम अपने घर लौट रहे थे। कोलकाता से करीब 20 km दूर डोलतला में एक कार रथ की स्कॉर्पियो के सामने खड़ी हो गई। इसी बीच बाइक पर आए हमलावरों ने 6 से 10 राउंड फायरिंग की। दो गोलियां चंद्रनाथ के सीने से आर-पार हो गईं। एक गोली पेट में लगी। उनके ड्राइवर बुद्धदेब बेरा को भी गोली लगी। हत्या के बाद हमलावर कार छोड़कर बाइक से फरार हो गए। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने चंद्रनाथ को मृत घोषित कर दिया। उनके ड्राइवर का इलाज जारी है। फोरेंसिक जांच के शुरुआती इनपुट के मुताबिक, हमलावरों ने ग्लॉक 47X पिस्टल का इस्तेमाल किया था। इस मॉडर्न हथियार का इस्तेमाल आम अपराधी नहीं करते। ऐसे हमले को कोई प्रोफेशनल शूटर ही अंजाम दे सकता है। बाइक सवार हमलावर हेलमेट पहने हुए था और बाइक पर नंबर प्लेट नहीं थी। पुलिस ने मौके से वह कार जब्त की है, जिससे स्कॉर्पियो का रास्ता रोका गया था। हालांकि, उस पर लगी नंबर प्लेट फर्जी निकली। चंद्रनाथ रथ पर फायरिंग के करीब 1 घंटे बाद रात करीब 12.30 बजे बशीरहाट जिले में रोहित रॉय नाम के भाजपा कार्यकर्ता पर फायरिंग हुई। उनकी हालत गंभीर है। राज्य में 4 मई को चुनावी नतीजों के बाद अब तक 5 लोगों की हत्या हो चुकी है। इनमें 3 भाजपा और 2 TMC से जुड़े थे। सुवेंदु अधिकारी ने PA की हत्या को प्लान्ड मर्डर बताया है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से शांति बनाए रखने की अपील की और कहा कि भाजपा बंगाल में गुंडों की सफाई का काम शुरू करेगी। TMC ने सुवेंदु के PA की हत्या के पीछे अपने पार्टी कार्यकर्ताओं के शामिल होने के आरोपों का खंडन करते हुए मामले की CBI जांच की मांग की है। पार्टी ने बुधवार देर रात स्टेटमेंट जारी करते हुए कहा- ‘हम मध्यमग्राम में चंद्रनाथ रथ की निर्मम हत्या की निंदा करते हैं। हम इस मामले में सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग करते हैं, जिसमें कोर्ट की निगरानी में CBI जांच कराई जाए। अन्य भाजपा और TMC कार्यकर्ताओं की हत्या की भी जांच कराई जाए।’

By UJAGAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *