उत्तर 24 परगना के बैरकपुर क्षेत्र में दिवंगत भाजपा नेता मनीष शुक्ला के पिता चंद्रमणि शुक्ला को फोन और व्हाट्सएप पर जान से मारने की धमकी मिलने के बाद सनसनी फैल गई है। अज्ञात कॉलर ने सीधे तौर पर धमकी देते हुए कहा कि “तुझे भी खत्म कर देंगे”। धमकी देने वाले ने यह भी तंज कसा कि वह टीटागढ़ नगर पालिका का चेयरमैन बनने के लालच में राजनीति कर रहे हैं। इस गंभीर मामले को लेकर चंद्रमणि शुक्ला ने तुरंत खरदह थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है और पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को भी पूरी स्थिति से अवगत कराया है। चंद्रमणि शुक्ला के अनुसार, उन्हें यह धमकी भरा फोन कॉल और व्हाट्सएप संदेश एक विदेशी नंबर (जर्मनी के कंट्री कोड) से आया। कॉल करने वाले ने बेहद अभद्र और आक्रामक भाषा का इस्तेमाल करते हुए उनके बेटे मनीष शुक्ला के अंजाम की याद दिलाई और कहा कि अगर उन्होंने अपनी राजनीतिक गतिविधियां बंद नहीं कीं, तो उनका हाल भी वही होगा। धमकी में टीटागढ़ नगर पालिका के आगामी चुनावों और चेयरमैन पद को लेकर सीधे तौर पर चेतावनी दी गई है। गौरतलब है कि 4 अक्टूबर 2020 को भाजपा पार्षद और बैरकपुर के प्रभावशाली युवा नेता मनीष शुक्ला की टीटागढ़ थाने से महज कुछ ही दूरी पर बाइक सवार हमलावरों ने अंधाधुंध गोलियां बरसाकर सरेआम हत्या कर दी थी। उस सनसनीखेज हत्याकांड के बाद राज्य की राजनीति में भूचाल आ गया था और मामले की जांच सीआईडी (CID) तथा बाद में सीबीआई जांच की मांग को लेकर परिजनों ने लंबी कानूनी लड़ाई लड़ी। बेटे की हत्या के बाद से ही उनके पिता चंद्रमणि शुक्ला क्षेत्र में न्याय की मांग और सामाजिक-राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय रहे हैं। धमकी भरे कॉल के बाद चंद्रमणि शुक्ला ने खरदह थाने में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए अपनी और अपने परिवार की जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है। साथ ही भाजपा के प्रदेश नेतृत्व को भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पत्र लिखा गया है। बैरकपुर पुलिस कमिश्नरेट के अधिकारियों का कहना है कि शिकायत के आधार पर साइबर सेल की मदद से कॉलर के आईपी एड्रेस और वर्चुअल नंबर की जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह कॉल वास्तव में विदेश से आया था या वीओआईपी (VOIP) तकनीक के जरिए नंबर स्पूफिंग की गई है।
