गुजरात दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सूरत में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान अपने राजनीतिक जीवन के शुरुआती दिनों को याद किया। उन्होंने स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा को मिली ऐतिहासिक सफलता का जिक्र करते हुए कहा कि सूरत और गुजरात की जनता ने उनके पुराने रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिए हैं। पीएम मोदी ने कहा कि वर्ष 1987 में राजनीति में आने के बाद शुरू हुई उनकी विजय यात्रा आज भी लगातार जारी है। प्रधानमंत्री मोदी ने हाल ही में गुजरात के स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा को मिली बड़ी जीत का उल्लेख करते हुए कहा कि जनता ने पार्टी को अभूतपूर्व समर्थन दिया है। उन्होंने कहा कि गुजरात के लोगों ने भाजपा को इतना आशीर्वाद दिया कि पुराने सभी रिकॉर्ड टूट गए। पीएम मोदी ने कहा, आज मैं इसलिए भी अधिक खुश हूं क्योंकि आप सभी ने मेरे रिकॉर्ड भी तोड़ दिए हैं। मैं राजनीति में अपेक्षाकृत देर से आया था। वर्ष 1987 में सक्रिय राजनीति में प्रवेश किया और सूरत-अहमदाबाद के निकाय चुनाव मेरे राजनीतिक जीवन के शुरुआती चुनाव थे। पहले ही चुनाव में शानदार जीत मिली थी और तब से यह विजय यात्रा लगातार आगे बढ़ रही है। प्रधानमंत्री ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में किसी एक राजनीतिक दल को इतने लंबे समय तक लगातार जनता का समर्थन मिलना बेहद दुर्लभ है। उन्होंने इसे भाजपा के सेवाभाव और जनहित के प्रति समर्पण का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि सूरत और नवसारी के कई जनप्रतिनिधि कार्यक्रम में मौजूद हैं और यह जीत सभी के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। पीएम मोदी ने कहा कि गुजरात की जनता ने भाजपा के सेवा कार्यों पर भरोसा जताया है और इस विश्वास को बनाए रखने के लिए सभी को और अधिक मेहनत करनी होगी। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भाजपा की यह प्रचंड जीत केवल राजनीतिक सफलता नहीं, बल्कि सेवा के मिशन को और व्यापक बनाने का अवसर है। उन्होंने कहा कि पार्टी का संकल्प विकसित गुजरात और विकसित भारत का निर्माण करना है और इसे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ पूरा किया जाएगा। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने सूरत की विशेष पहचान का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सूरत केवल एक शहर नहीं, बल्कि एक प्रेरणादायक सोच और कार्यसंस्कृति का प्रतीक है। पीएम मोदी ने कहा, जब मैं कहता हूं कि सूरत केवल एक शहर नहीं बल्कि एक स्पिरिट है, तो इसके पीछे मेरा गहरा विश्वास है। देश में लगातार स्वच्छता पुरस्कार जीतने के बावजूद सूरत ने सफाई अभियान को अपनी प्राथमिकता बनाए रखा है। यही उसकी सबसे बड़ी ताकत है।” प्रधानमंत्री ने कहा कि एक समय ऐसा था जब सूरत प्लेग जैसी गंभीर महामारी का सामना कर चुका था, लेकिन आज वही शहर देश में स्वच्छता का उदाहरण बनकर उभरा है। उन्होंने बताया कि पिछले ढाई दशकों में लगातार प्रयासों और जनभागीदारी की बदौलत सूरत ने यह उपलब्धि हासिल की है। पीएम मोदी ने इसका श्रेय आम नागरिकों, प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों को दिया, जिन्होंने मिलकर शहर को नई पहचान दिलाई।

By UJAGAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *