विस्फोट मामले की जांच कर रही एनआइए ने शुक्रवार को तृणमूल कांग्रेस के पूर्व विधायक शौकत मोल्ला को गिरफ्तार कर लिया। एजेंसी ने दक्षिण 24 परगना के सोनाऱपुर के कामालगाछी से टीएमसी नेता को गिरफ्तार किया। उत्तर 24 परगना के दक्षिण बामुनिया गांव में 19 मार्च को एक देसी बम विस्फोट में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए थे। एजेंसी का दावा है कि शौकत मोल्ला इस मामले के मुख्य संदिग्धों और कथित साजिशकर्ताओं में शामिल हैं। इस मामले में गुरुवार को एनआइए ने शौकत के घर, पार्टी कार्यालय और अन्य संदिग्ध ठिकानों समेत कुल आठ स्थानों पर छापेमारी की थी। इसी दौरान सैनूर मोल्ला नामक एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया, जो उस एसयूवी का चालक बताया जा रहा है जिसका इस्तेमाल बम बनाने वालों को ले जाने में किया गया था। इसके साथ ही मामले में गिरफ्तार लोगों की संख्या बढ़कर चार हो गई है। छापेमारी के दौरान एनआइए अधिकारियों ने शौकत मोल्ला के परिवार के सदस्यों से भी पूछताछ की थी। बाद में उनके बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई। छापेमारी के दौरान शौकत मोल्ला फरार हो गए थे। एजेंसी ने फरार टीएमसी नेता की तलाश में कई टीमों को लगाया था। एनआइए के अनुसार, शौकत द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे तीनों मोबाइल फोन बंद थे। एजेंसी ने उनकी पूरी जानकारी सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ साझा कर दी थी ताकि वह देश छोड़कर भाग न सकें।
