पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की मुश्किलें थमने का नाम ही नहीं ले रहीं. एक ओर पार्टी के विधायकों और सांसदों ने बगावत कर रखी है, तो दूसरी तरफ पुलिस टीएमसी नेताओं के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है. नदिया जिले के कल्याणी से बंगाल सरकार के पूर्व मंत्री उज्ज्वल विश्वास को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. तृणमूल कांग्रेस के बड़े नेता उज्ज्वल विश्वास को मंगलवार की रात को नदिया जिले के कृष्णानगर स्थित उनके आवास से पुलिस ने गिरफ्तार किया. उन पर सरकारी राहत सामग्री (जैसे तिरपाल, कंबल आदि) को अवैध रूप से जमा करने का आरोप है. उनके घर पर भारी मात्रा में सरकारी राहत सामग्री बरामद होने की सूचना पर स्थानीय लोगों और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के समर्थकों का गुस्सा फूट पड़ा. उग्र भीड़ ने पूर्व मंत्री के घर पर धावा बोल दिया. जमकर तोड़फोड़ की और उन पर अंडे भी फेंके. हंगामा बढ़ता देख कृष्णानगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. स्थानीय लोगों द्वारा लगातार गिरफ्तारी की मांग के बीच पुलिस ने पहले उन्हें हिरासत में लिया. इसके बाद गहन पूछताछ की और घर से भारी मात्रा में राहत सामग्री जब्त करने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया. पूर्व मंत्री उज्ज्वल विश्वास ने सभी आरोपों को खारिज किया. उन्होंने कहा कि जो कुछ भी उनके घर से बरामद हुए हैं, वह चीजें उन्हें ईद के त्योहार के लिए मिली थी. चुनाव और अन्य व्यस्तताओं के कारण उसे बांटा नहीं जा सका था. पूर्व साइंस एंड टेक्नोलॉजी मिनिस्टर विश्वास ने दावा किया कि वह इसे प्रशासन को वापस लौटाने की योजना बना रहे थे. दूसरी ओर, विपक्षी दलों ने इसे सरकारी अनाज और राहत सामग्री की भारी धांधली और भ्रष्टाचार का एक और बड़ा मामला करार दिया है.
