बंगाल की नई भाजपा सरकार में मंत्रियों के विभागों का बंटवारा लगभग तय हो गया है। सूत्रों के अनुसार, एक जून को पहले मंत्रिमंडल विस्तार के तहत शपथ लेने वाले 35 नए मंत्रियों के बीच विभागों का बुधवार को आवंटन किया जा सकता है। खबर है कि केंद्रीय नेतृत्व के साथ विचार-विमर्श और मंगलवार को राज्य सचिवालय नवान्न में हुई लंबी बैठक के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मंत्रियों के बीच विभागों के आवंटन को अंतिम रूप दिया। राज्य सरकार की ओर से आज मंत्रियों के विभागों की आधिकारिक घोषणा की जा सकती है। सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री ने गृह, कानून, बिजली तथा भूमि एवं भूमि राजस्व जैसे महत्वपूर्ण विभाग अपने पास ही रखने का फैसला किया है। वहीं, भाजपा के वरिष्ठ नेता स्वप्न दासगुप्ता को वित्त विभाग की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है, जबकि वरिष्ठ विधायक तापस राय को उद्योग एवं वाणिज्य विभाग मिलने की संभावना है। संभावित विभागीय बंटवारे के तहत स्वास्थ्य विभाग का जिम्मा चिकित्सक एवं विधायक डा. शारद्वत मुखर्जी को दिए जाने की चर्चा है। नोआपाड़ा के विधायक और पूर्व सांसद अर्जुन सिंह को परिवहन एवं श्रम विभाग की जिम्मेदारी मिल सकती है। शिक्षा विभाग को फिर से दो हिस्सों में बांटा गया है। उच्च शिक्षा विभाग की कमान जगन्नाथ चटर्जी को और स्कूल शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी दीपक बर्मन को दिए जाने की संभावना है। इसके अलावा, कृषि विभाग दूध कुमार मंडल, पर्यटन विभाग सिलीगुड़ी के विधायक शंकर घोष तथा वन एवं पर्यावरण विभाग मनोज उरांव को सौंपे जाने की चर्चा है। सरकार जल्द ही विभागों के बंटवारे की औपचारिक घोषणा कर सकती है। गौरतलब है कि चार मई को घोषित विधानसभा चुनाव परिणामों में भाजपा ने 294 में से 207 सीटें जीतकर सरकार बनाई थी। इसके बाद 9 नौ मई को कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड मैदान में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मौजूदगी में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी समेत पांच मंत्रियों ने शपथ ली थी। इसके बाद पहले मंत्रिमंडल विस्तार के तहत एक जून को लोक भवन में 35 अन्य मंत्रियों को शपथ दिलाई गई थी। तब से मंत्रियों के विभागों को लेकर अटकलें चल रही थीं, जिन पर नौ दिन बाद अब विराम लगने जा रहा है।
