तारातला में हुए दर्दनाक गोदाम हादसे के बाद राज्य सरकार ने पीड़ित परिवारों के लिए राहत पैकेज की घोषणा की है। मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने विधानसभा में घटना पर बयान देते हुए मृतकों के परिजनों को 10 लाख रुपये और घायलों को 1 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। हादसे के बाद से प्रशासन, दमकल विभाग और बचाव एजेंसियां लगातार राहत कार्य में जुटी हुई हैं। मलबे से पांच और लोगों को सुरक्षित निकाला गया है। अब तक कुल 31 लोगों को बाहर निकाला जा चुका है। हालांकि इस दुर्घटना में कई लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि अनेक घायल अस्पतालों में उपचाराधीन हैं। प्रशासन का मानना है कि अभी भी 10 से 12 श्रमिक मलबे के नीचे फंसे हो सकते हैं। बचाव दल अत्याधुनिक उपकरणों की मदद से लगातार तलाशी अभियान चला रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि जब तक सभी लोगों का पता नहीं चल जाता, तब तक अभियान जारी रहेगा। हादसे के बाद पुलिस ने गोदाम मालिक शंभुनाथ बेहरा समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्य सरकार ने पांच सदस्यीय विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है। यह टीम हादसे के कारणों, सुरक्षा मानकों में हुई कथित लापरवाही और जिम्मेदार लोगों की भूमिका की जांच करेगी। मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने विधानसभा में बताया कि राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है। उन्होंने कहा कि सरकार का पहला लक्ष्य फंसे हुए लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना और घायलों को बेहतर चिकित्सा उपलब्ध कराना है। साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में गहरा शोक व्याप्त है। कई परिवार अपने प्रियजनों के बारे में जानकारी पाने के लिए अस्पतालों और घटना स्थल के चक्कर लगा रहे हैं। प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।

By UJAGAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *