कोलकाता के तारातला इलाके में हुए दर्दनाक हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) के अनुसार, पीएम मोदी ने मृतक के परिवारों को 2-2 लाख रुपए का मुआवजा देने की घोषणा की है। इसके साथ ही, घायलों को 50-50 हजार रुपए दिए जाएंगे। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि बुधवार को कोलकाता में हुई दुर्घटना दुखद है। इस हादसे में जान गंवाने वालों के परिवारों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2-2 लाख रुपए की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपए दिए जाएंगे। उन्होंने आगे कहा कि राज्य सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए चौबीसों घंटे काम कर रही है कि प्रभावित लोगों को हर संभव मदद मिले। ज्ञात हो, कोलकाता के तारातला इलाके में कल बुधवार को निर्माणाधीन गोदाम की छत गिरने से अब तक कई लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। हादसे के 20 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है। घटनास्थल पर राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की टीमें लगातार राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। एनडीआरएफ की दूसरी बटालियन के कमांडेंट मनीष रंजन ने न्यूज़ एजेंसी से बताया कि अब तक काफी लोगों को सुरक्षित जीवित बाहर निकाला जा चुका है। मनीष रंजन ने कहा कि बचाव अभियान काफी कठिन है, क्योंकि ढही हुई संरचना में कंक्रीट की कई परतें, लोहे की सरिए, गर्डर और टिन की चादरें शामिल हैं। इससे मलबे के अंदर पहुंचना बेहद मुश्किल हो रहा है। पुलिस ने इस मामले में गोदाम के मालिक शंभूनाथ बहरा को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही, इस हादसे से जुड़े मामले में अब तक कुल तीन लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

By UJAGAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *