बांका जिले के कटोरिया थाना क्षेत्र स्थित कच्ची कांवरिया पथ के देवासी-लक्ष्मणझूला में सोमवार को श्री शिवोहम बालाजी सेवा ट्रस्ट धर्मशाला में निर्माण कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया। बाथरूम निर्माण की ढलाई के लिए लगाया गया सेंटरिंग अचानक टूटकर गिर गया, जिससे वहां काम कर रहे तीन राजमिस्त्री गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे निर्माण स्थल पर अफरातफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ढलाई का कार्य चल रहा था, तभी अचानक सेंटरिंग का सहारा कमजोर पड़ गया और पूरा ढांचा भरभराकर गिर गया। हादसे में एक मजदूर मलबे के नीचे दब गया, जबकि दो अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों और धर्मशाला कर्मियों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों और धर्मशाला के केयरटेकर की मदद से तीनों घायलों को मलबे से बाहर निकालकर तत्काल कटोरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. विनोद कुमार और डॉ. देवेंद्र कुमार की देखरेख में प्राथमिक उपचार किया गया। डॉक्टरों के अनुसार सभी घायलों की स्थिति फिलहाल स्थिर है, लेकिन उन्हें गंभीर चोटें आई हैं। घायलों की पहचान पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के चांदपुर गांव निवासी 25 वर्षीय नूर असलम, 30 वर्षीय हसीबुल अंसारी और 27 वर्षीय बापून मंडल के रूप में हुई है। तीनों राजमिस्त्री धर्मशाला निर्माण कार्य में लगे हुए थे और हादसे के समय ढलाई का काम कर रहे थे। हादसे के दौरान नूर असलम मलबे के नीचे दब गया, जबकि बापून मंडल सेंटरिंग के बीच में लटक गया। वहीं हसीबुल अंसारी तेज झटके से दूर जाकर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों ने तत्परता दिखाते हुए तीनों को सुरक्षित बाहर निकाला। इस घटना के बाद निर्माण स्थलों पर सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि निर्माण कार्य के दौरान उचित सुरक्षा उपाय अपनाए जाते, तो इस तरह की घटना से बचा जा सकता था।

By UJAGAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *