पश्चिम बंगाल सरकार ने पुलिस प्रशासन में बड़ा फेरबदल करते हुए 15 आईपीएस (IPS) और डब्ल्यूबीपीएस (WBPS) अधिकारियों के तबादले, पदोन्नति और नई नियुक्तियों का आदेश जारी किया है। गृह एवं पर्वतीय मामलों के विभाग की अधिसूचना के अनुसार ये नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी और अगली सूचना तक प्रभावी रहेंगी। नई सूची के अनुसार, अंजन चक्रवर्ती को एफएसएल (Forensic Science Laboratory) का निदेशक बनाया गया है, जबकि सुमनजीत रे को बॉर्डर इंटेलिजेंस ब्रांच में आईजीपी का दायित्व सौंपा गया है। राशिद मुनीर खान को पदोन्नति देकर आईजीपी (मुख्यालय) नियुक्त किया गया है। अधिसूचना के तहत अम्लान कुसुम घोष को एसटीएफ, कोलकाता का डीसी बनाया गया है। चारु शर्मा को डीसीपी (वेस्ट), सिलीगुड़ी, कृष्ण गोपाल मीणा को डीसीपी (मुख्यालय), आसनसोल-दुर्गापुर तथा संभव जैन को डीसी ट्रैफिक, कोलकाता की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा कई अन्य अधिकारियों के भी कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि सभी नियुक्तियां और स्थानांतरण जनहित एवं प्रशासनिक आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए किए गए हैं। आदेश पश्चिम बंगाल पुलिस के आईजीपी (पर्सोनल) कार्यालय की ओर से जारी किया गया है।
