बॉलीवुड एक्टर शाहरुख खान ने अपनी IPL फ्रेंचाइजी, कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के लिए एक अहम उपलब्धि की घोषणा की। KKR अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम बनाने वाला पहला ग्लोबल ब्रांड बन गया है, क्योंकि LA में नाइट राइडर्स क्रिकेट ग्राउंड ने आधिकारिक तौर पर अपना पहला मेजर लीग मैच होस्ट किया है। इस मौके पर शाहरुख ने अपना सपना सच होने के बारे में बताया और आईसीसी चेयरमैन जय शाह तथा आईसीसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) संजोग गुप्ता का खासतौर पर धन्यवाद किया। बता दें कि पोमोना के फेयरफ्लेक्स में स्थित यह स्टेडियम 2028 के ओलंपिक से पहले मेजर लीग क्रिकेट मैचों की मेजबानी करेगा। दरअसल, सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए शाहरुख ने जय शाह, आईसीसी और संजोग G का उनके सपोर्ट के लिए शुक्रिया अदा किया। साथ ही लॉस एंजिल्स और इस कोशिश में शामिल टीम को भी उन्होंने खास संदेश भेजा। उन्होंने कहा कि यह मैदान न केवल खेल की सुविधा है, बल्कि मनोरंजन, परिवारों और यादगार पलों के लिए भी एक जगह है, जिससे पता चलता है कि वे इसे क्रिकेट स्टेडियम के साथ-साथ संस्कृति और समुदाय के केंद्र के रूप में भी विकसित करना चाहते हैं। शाहरुख खान ने इस उपलब्धि को “अकेले की जीत” के बजाय “समूह की जीत” बताया। पोस्ट में आगे कहा गया, ‘जयभाई का विशेष धन्यवाद, जो इस सफर में बहुत मददगार रहे हैं। इसके अलावा उन्होंने आईसीसी और उसके सीईओ संजोग गुप्ता का भी आभार जताया, जिन्होंने इस पहल को पूरा समर्थन दिया। शाहरुख खान ने सोशल मीडिया पर लिखा, “ये एक सपने के रूप में शुरू हुआ था, वह आज हकीकत बन गया। लॉस एंजिलिस के नाइट राइडर्स क्रिकेट ग्राउंड में आप सभी का स्वागत है।” उन्होंने साथ ही कहा कि यह स्टेडियम सिर्फ लॉस एंजिलिस के लिए नहीं, बल्कि दुनिया भर के क्रिकेट फैंस और पूरे नाइट राइडर्स परिवार के लिए है। उन्होंने अपने मशहूर संदेश ‘बिलीव इन पर्पल एंड गोल्ड’ के साथ फैंस का स्वागत किया और लॉस एंजिलिस नाइट राइडर्स के नए घर का हिस्सा बनने की अपील की। नाइट राइडर्स क्रिकेट ग्राउंड लॉस एंजिलिस में तैयार किया गया नया क्रिकेट परिसर है, जिसका मकसद अमेरिका में क्रिकेट के बढ़ते प्रभाव को मजबूत करना और खिलाड़ियों के साथ-साथ स्थानीय समुदाय को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराना है। ये मैदान मेजर लीग क्रिकेट में हिस्सा लेने वाली लॉस एंजिलिस नाइट राइडर्स टीम का नया घरेलू मैदान होगा। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *