दक्षिण 24 परगना के बारुईपुर में फुटबॉल मैच जीतने के बाद एक 17 वर्षीय युवक की कथित तौर पर घर से बुलाकर हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद इलाके में जबरदस्त तनाव फैल गया और स्थिति हिंसक हो गई। गुस्साए लोगों ने अस्पताल परिसर में बने पुलिस कैंप में तोड़फोड़ की और सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। मृत युवक की पहचान प्रसेनजीत विश्वास के रूप में हुई है। पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, प्रसेनजीत विश्वास बारुईपुर के फूलतला इलाके का निवासी था। शुक्रवार को इलाके में आयोजित एक फुटबॉल मैच में उसकी टीम ने जीत हासिल की थी। मैच के दौरान ही दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच विवाद और झड़प हुई थी। हालांकि, उस समय स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था। सोमवार को विरोधी टीम के कुछ लोगों ने प्रसेनजीत को बातचीत के बहाने एक जगह बुलाया। वह अपने दो साथियों के साथ वहां पहुंचा। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद लोगों ने उस पर हमला कर दिया और धारदार हथियार से उसके गले पर वार किया। घटना बारुईपुर थाना क्षेत्र के पालपाड़ा बैंक के पास हुई। गंभीर हालत में उसे स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हत्या की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। आरोप है कि इस वारदात में तीन लोग शामिल थे। गुस्साई भीड़ ने तीनों आरोपियों को दौड़ाकर पकड़ लिया और उनकी जमकर पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर इलाज के लिए अस्पताल ले गई। आरोपियों को अस्पताल ले जाने के बाद प्रदर्शनकारियों का गुस्सा अस्पताल परिसर में बने पुलिस कैंप पर फूट पड़ा। आरोप है कि भीड़ के एक हिस्से ने पुलिस कैंप में तोड़फोड़ की और सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। हालात बिगड़ते देख मौके पर भारी पुलिस बल और रैफ (RAF) को तैनात किया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

By UJAGAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *