पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना स्थित बारुईपुर में नाबालिग से कथित सामूहिक दुष्कर्म और हत्या के मामले में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। इस मामले के मुख्य आरोपियों में शामिल प्रभास मंडल की पुलिस की गोली लगने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे मामले ने नया मोड़ ले लिया है। पुलिस के मुताबिक, मंगलवार देर रात आरोपी प्रभास मंडल को घटनास्थल पर क्राइम सीन रीक्रिएशन के लिए ले जाया गया था। इसी दौरान सूर्यपुर इलाके में उसने कथित तौर पर पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश की। पुलिस का कहना है कि चेतावनी देने के बावजूद आरोपी नहीं रुका, जिसके बाद उसे रोकने के लिए गोली चलाई गई। गोली लगने के बाद प्रभास मंडल को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस का कहना है कि पूरी कार्रवाई निर्धारित प्रक्रिया के तहत की गई, जबकि इस घटना के बाद कई सवाल भी उठने लगे हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, पूरे घटनाक्रम की विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जा रही है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए मजिस्ट्रेट स्तर पर जांच कराए जाने की संभावना भी जताई जा रही है। हालांकि पुलिस के दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है और आधिकारिक जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। आरोपी की मौत की खबर सामने आने के बाद बारुईपुर और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए लगातार निगरानी रख रहा है। रविवार सुबह सूर्यपुर इलाके के एक तालाब से एक नाबालिग किशोरी का शव बरामद हुआ था। आरोप है कि उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या की गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया था। इसी दौरान भीड़ ने प्रभास मंडल को पकड़ लिया था, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया। वह इस मामले में पहला गिरफ्तार आरोपी था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *