गुरुवार को दिल्ली-NCR में हुए मूसलाधार बारिश से गुरुग्राम के कई इलाकों में सैलाब सा नजारा बन गया था. भारी मशक्कत के बाद लोग जैसे-तैसे अपने घर पहुंचे. अभी बहुत लोग रास्ते में ही थे, तभी गुरुग्राम के सुशांत लोक फेज-2 इलाके में अचानक गोलियों की गूंज सुनाई देने लगी. जिससे वहां रहने वाले लोग दहशत में आ गए. एक-एक कर वहां करीब 60 राउंड फायरिंग हुई. इस फायरिंग के बाद पुलिस ने बताया कि एनकाउंटर में दीपक नांदल गैंग के 4 बदमाशों को ढेर किया गया. पुलिस और बदमाशों के बीच चली इस मुठभेड़ में पुलिस के तीन जवान घायल भी हुए. रात 9.30 बजे से शुरू हुए इस एनकाउंटर के कारण गुरुग्राम का सुशांत लोक फेज-2 इलाका कुछ देर तक रणक्षेत्र बना रहा. मिली जानकारी के अनुसार गुरुग्राम के सुशांत लोक फेज-2 इलाके में ये बदमाश फिरौती की मांग को लेकर एक कारोबारी के घर धमकाने पहुंचे थे.  बदमाशों ने कारोबारी के घर पर फायरिंग भी की. जिसके बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी गई. बताया गया कि कारोबारी को विदेश में बैठे एक गैंगस्टर की ओर से लगातार रंगदारी की धमकियां मिल रही थीं. पुलिस के अनुसार यह मुठभेड़ गुरुवार रात करीब 9:30 बजे हुई. दोनों पक्षों के बीच करीब 60 राउंड फायरिंग हुई. घटनास्थल से पांच विदेशी पिस्टल बरामद की गई हैं. पुलिस का कहना है कि बदमाश अत्याधुनिक हथियारों का इस्तेमाल कर रहे थे. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, टीमों ने आरोपियों को चारों तरफ से घेर लिया और कई बार आत्मसमर्पण करने के लिए कहा. लेकिन आरोपियों ने पुलिस पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी और मौके से फरार होने की कोशिश की. इसके जवाब में पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की. मुठभेड़ के दौरान सभी पांचों कथित शूटर गोली लगने से घायल हो गए. उन्हें तत्काल एक निजी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने चार आरोपियों को मृत घोषित कर दिया. पांचवां आरोपी अस्पताल में भर्ती है और उसका इलाज जारी है. घटना के बाद सीन ऑफ क्राइम यूनिट, फॉरेंसिक और अन्य जांच एजेंसियों की टीमों ने घटनास्थल का वैज्ञानिक तरीके से निरीक्षण किया तथा फॉरेंसिक और तकनीकी साक्ष्य एकत्र किए.पुलिस ने बताया कि मामले में कानूनी प्रक्रिया जारी है. मृत और घायल आरोपियों की पहचान, उनके आपराधिक रिकॉर्ड तथा घटनास्थल से बरामद हथियारों के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है.

By UJAGAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *