प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी छह दिवसीय तीन देशों की विदेश यात्रा के अंतिम चरण में ऑस्ट्रेलिया से न्यूजीलैंड के लिए रवाना हो गए हैं। वह 10 और 11 जुलाई को ऑकलैंड में विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। ऑस्ट्रेलिया दौरे के समापन से पहले प्रधानमंत्री ने मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (एमसीजी) पहुंचकर भारत-ऑस्ट्रेलिया खेल साझेदारी को नई दिशा देने वाली पहल में भाग लिया। ऑस्ट्रेलिया दौरे के अंतिम दिन प्रधानमंत्री मोदी ने ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज के साथ संयुक्त रूप से भारत-ऑस्ट्रेलिया स्पोर्ट्स कोलेबरेशन रोडमैप का शुभारंभ किया। इस पहल का उद्देश्य दोनों देशों के बीच खेल, युवा सहभागिता, प्रशिक्षण, खेल विज्ञान और खेल अवसंरचना के क्षेत्र में सहयोग को मजबूत करना है। एमसीजी में प्रधानमंत्री मोदी ने युवा खिलाड़ियों से मुलाकात की। खिलाड़ियों ने उनसे ऑटोग्राफ लिए और सामूहिक तस्वीरें भी खिंचवाईं। इस दौरान ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेट कप्तान स्टीव वॉ भी मौजूद रहे और उन्होंने प्रधानमंत्री से मुलाकात की। प्रधानमंत्री मोदी और एंथनी अल्बनीज ने साथ में सेल्फी भी ली। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एमसीजी की तस्वीरें साझा करते हुए कहा कि खेल भारत-ऑस्ट्रेलिया साझेदारी का अहम आधार है, जो दोनों देशों के लोगों को साझा जुनून और आपसी सम्मान के जरिए जोड़ता है। उन्होंने कहा कि खेल आदान-प्रदान, युवाओं की भागीदारी और सहयोग दोनों देशों की मित्रता को और मजबूत बना सकते हैं। युवा खिलाड़ियों के साथ मुलाकात का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि क्रिकेट, कबड्डी और ऑस्ट्रेलियन रूल्स फुटबॉल खेलते बच्चों को देखना प्रेरणादायक अनुभव रहा। उन्होंने कहा कि खेल लोगों को जोड़ने की अनोखी क्षमता रखते हैं और भारत तथा ऑस्ट्रेलिया के बीच खेलों का रिश्ता लगातार मजबूत हो रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि बड़े वैश्विक खेल आयोजनों के मद्देनजर खेल, युवा सहभागिता, इंफ्रास्ट्रक्चर और प्रतिभा विकास में सहयोग के नए अवसर खुलेंगे। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने ऐतिहासिक एमसीजी का दौरा कर ऑस्ट्रेलिया के खेल समुदाय के साथ संवाद किया। दोनों नेताओं ने स्थानीय बच्चों के प्रदर्शनी मुकाबले देखे और खेलों के जरिए लोगों के बीच संबंध मजबूत करने की दिशा में भारत-ऑस्ट्रेलिया स्पोर्ट्स कोलेबरेशन रोडमैप का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि 2030 में भारत में होने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स और 2032 में ऑस्ट्रेलिया के ब्रिस्बेन ओलंपिक के मद्देनजर दोनों देशों की खेल साझेदारी और मजबूत होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *