महानगर कोलकाता और हावड़ा को जोड़ने वाली लाइफलाइन ‘विद्यासागर सेतु’ (द्वितीय हुगली सेतु) को लेकर कोलकाता ट्रैफिक पुलिस ने एक बेहद जरूरी एडवाइजरी जारी की है। आगामी 12 जुलाई, रविवार को पुल की मरम्मत और रखरखाव (रिनोवेशन) के काम के चलते इस सेतु पर पूरे 16 घंटे तक सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। कोलकाता पुलिस के मुताबिक, रविवार सुबह 6:00 बजे से लेकर रात 10:00 बजे तक यह पाबंदी लागू रहेगी। कोलकाता पुलिस द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, विद्यासागर सेतु की सेहत और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इसका जीर्णोद्धार करना बेहद अनिवार्य हो गया है। इस 16 घंटे के ट्रैफिक ब्लॉक के दौरान पुल के बेहद महत्वपूर्ण हिस्से यानी ‘स्टे केबल’ (Stay Cable) और ‘होल्डिंग डाउन केबल’ (Holding Down Cable) को बदला जाना है। तकनीकी विशेषज्ञों का मानना है कि जब केबल बदलने का यह बेहद संवेदनशील काम चल रहा हो, उस समय पुल पर गाड़ियों का थोड़ा भी वजन या दबाव रहना खतरनाक साबित हो सकता है। इसी जोखिम को टालने के लिए पुल को पूरी तरह से बंद रखने का फैसला किया गया है। विद्यासागर सेतु पूरी तरह बंद रहने के कारण हावड़ा जाने वाले और हावड़ा की तरफ से कोलकाता आने वाले वाहनों को परेशानी से बचाने के लिए कोलकाता ट्रैफिक कंट्रोल ने विस्तृत रूट डायवर्जन प्लान तैयार किया है:के पी रोड रूट: जो गाड़ियां के पी रोड (K P Road) के घोड़ा पास के पास वाई-पॉइंट रैंप से होते हुए विद्यासागर सेतु पर चढ़ती थीं, उन्हें अब के पी रोड के वाई-पॉइंट से ही ’11 फर्लांग गेट’ की तरफ मोड़ दिया जाएगा। खिदीरपुर और सीजीआर रोड रूट: खिदीरपुर की तरफ से आने वाली पूर्वमुखी गाड़ियां जो सीजीआर रोड होकर विद्यासागर सेतु की तरफ आती थीं, उन्हें हेस्टिंग्स क्रॉसिंग से बाईं ओर मोड़कर सेंट जर्जेस गेट रोड-स्ट्रैंड रोड होते हुए हावड़ा ब्रिज (हावड़ा स्टेशन) की तरफ भेज दिया जाएगा।जे एंड एन आइलैंड रूट: जे एंड एन आइलैंड (J & N Island) की तरफ से पश्चिम की ओर जाने वाली गाड़ियां जो विद्यासागर सेतु की तरफ बढ़ेंगी, उन्हें ‘11 फर्लांग गेट’ से हेस्टिंग्स क्रॉसिंग की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। जीरुत आइलैंड रूट: जीरुत आइलैंड साइड से एजेसी बोस रोड होकर विद्यासागर सेतु पकड़ने आ रही पश्चिममुखी गाड़ियों को एट-ग्रेड रोड होकर हेस्टिंग्स क्रॉसिंग की ओर मोड़ दिया जाएगा। कोलकाता पुलिस का कहना है कि 12 जुलाई को रविवार यानी छुट्टी का दिन होने के कारण दैनिक यात्रियों और आम जनता को ज्यादा दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ेगा। हालांकि, मुख्य मार्गों पर गाड़ियों का दबाव न बढ़े, इसके लिए जरूरत पड़ने पर शहर की अन्य सड़कों पर भी ट्रैफिक को डायवर्ट किया जा सकता है। रविवार रात 10:00 बजे काम पूरा होने के बाद पुलिस प्रशासन स्थिति की समीक्षा करेगा और उसके तुरंत बाद विद्यासागर सेतु पर यातायात को फिर से सामान्य कर दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *