देश की राजधानी दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। एक अज्ञात व्यक्ति ने मुंबई पुलिस के कंट्रोल रूम में फोन कर लाल किले को बम से उड़ाने की धमकी दी। सूचना मिलते ही मुंबई पुलिस ने तुरंत दिल्ली पुलिस को अलर्ट किया, जिसके बाद लाल किले और आसपास के इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। जानकारी के मुताबिक, अज्ञात कॉलर ने मुंबई पुलिस कंट्रोल रूम में फोन कर दावा किया कि दिल्ली स्थित लाल किले को बम से उड़ाया जाएगा। सूचना मिलते ही मुंबई पुलिस ने बिना देर किए दिल्ली पुलिस कंट्रोल रूम को अलर्ट भेजा। धमकी की सूचना मिलते ही उत्तरी जिला पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं। लाल किले के परिसर और आसपास के इलाके में व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया। सुरक्षा बलों ने हर संदिग्ध स्थान की जांच की, लेकिन किसी भी प्रकार की विस्फोटक सामग्री या संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। प्रारंभिक जांच पूरी होने के बाद पुलिस ने इस कॉल को फर्जी (Hoax Call) घोषित कर दिया। अधिकारियों के अनुसार, मौके पर किसी भी तरह का सुरक्षा खतरा नहीं मिला है। हालांकि, कॉल करने वाले की पहचान कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। यह पहली बार नहीं है जब दिल्ली के किसी संवेदनशील और ऐतिहासिक स्थल को इस तरह की धमकी मिली हो। इससे पहले भी अदालतों, सरकारी भवनों और अन्य महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों को बम से उड़ाने की फर्जी धमकियां मिल चुकी हैं। ऐसे मामलों को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां हर सूचना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई करती हैं। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने स्पष्ट किया है कि किसी भी धमकी को हल्के में नहीं लिया जाता। संवेदनशील स्थलों पर निगरानी लगातार बढ़ाई जा रही है और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

By UJAGAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *