मेजिया औद्योगिक क्षेत्र में स्टील प्लांट के विस्तार से हजारों लोगों के लिए रोजगार के नए द्वार खुलने वाले हैं। शुक्रवार को बांकुड़ा पहुंचे मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने 15,000 करोड़ रुपये की इस महत्वाकांक्षी परियोजना का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने राज्य के औद्योगिक विकास पर जोर देते हुए कहा कि बांकुड़ा, पुरुलिया, पश्चिम वर्धमान और बीरभूम जैसे जिलों में उद्योग लाए बिना विकास संभव नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस परियोजना के क्रियान्वयन से न केवल उत्पादन बढ़ेगा, बल्कि बांकुड़ा जिले में परिवहन और लघु व मध्यम उद्योगों (MSME) का भी विस्तार होगा। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा, “यहाँ के प्रत्येक गाँव से हजारों युवा काम की तलाश में दूसरे राज्यों में पलायन कर गए हैं। इस उद्योग के आने से न केवल पलायन रुकेगा, बल्कि वे अपने घर लौटकर यहीं काम कर सकेंगे।” उन्होंने इसे बंगाल के लिए एक सकारात्मक पहल बताया। परियोजना के उद्घाटन अवसर पर राज्य के उद्योग मंत्री तापस राय ने पूर्ववर्ती तृणमूल सरकार पर तीखे हमले किए। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले दशकों में राज्य में उद्योग को पूरी तरह उपेक्षित रखा गया। उन्होंने कहा, “बंगाल लंबे समय से बंचना (वंचना) का शिकार रहा है। पिछली सरकार ने उद्योग के लिए कुछ नहीं किया।” मंत्री ने पिछली सरकार के ‘बिजनेस समिट्स’ पर कटाक्ष करते हुए उन्हें “बोगस” और “ढकोसला” करार दिया। उन्होंने कहा, “वर्तमान सरकार उद्योगपतियों के साथ मालिक-नौकर का रिश्ता नहीं, बल्कि साझेदारी का रिश्ता रखती है। उद्योग मंत्री के रूप में कार्यभार संभालने के बाद मुझे अहसास हुआ कि मेरे पूर्ववर्तियों ने कुछ भी नहीं छोड़ा था, इसलिए मुझे खुद ‘स्टार्ट-अप मंत्री’ की तरह शून्य से शुरुआत करनी पड़ी है।” उल्लेखनीय है कि बांकुड़ा की शालतोड़ा विधानसभा क्षेत्र की भूमि मुख्य रूप से वर्षा-आधारित और एकफसली है। मेजिया औद्योगिक क्षेत्र में श्याम स्टील की मैन्युफैक्चरिंग यूनिट में पहले से ही करीब ढाई हजार लोग कार्यरत हैं। अब इस विस्तार के बाद यह प्लांट एक अत्याधुनिक और विशाल इंटीग्रेटेड स्टील यूनिट बन जाएगा, जिससे क्षेत्र की आर्थिक तस्वीर बदलने की उम्मीद है।
