पश्चिम बंगाल के नदिया जिले स्थित शक्तिनगर जिला अस्पताल परिसर में रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब अस्पताल के शौचालय से एक मरीज का फंदे से लटकता हुआ शव बरामद किया गया। मृतक मरीज की पहचान तपन घोष (60) के रूप में हुई है, जो कृष्णनगर कोतवाली थाना क्षेत्र के अंजनापड़ा इलाके के निवासी थे। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिवार के सदस्यों से मिली जानकारी के अनुसार, 60 वर्षीय तपन घोष लंबे समय से स्नायु संबंधी (न्यूरोलॉजिकल) समस्याओं से जूझ रहे थे। परिजनों का दावा है कि शनिवार सुबह उन्होंने गलती से या मानसिक तनाव में आकर कोई जहरीला पदार्थ खा लिया था। तबीयत बिगड़ने पर उन्हें शनिवार को ही जल्दबाजी में शक्तिनगर जिला अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया था। अस्पताल के अन्य मरीजों और वार्ड कर्मचारियों के अनुसार, रविवार सुबह तपन घोष खुद अपने बेड से उठकर बाथरूम की तरफ गए थे। जब वह काफी देर तक वापस नहीं लौटे और शौचालय का दरवाजा अंदर से बंद रहा, तो कर्मचारियों ने दरवाजा खटखटाया। अंदर से कोई जवाब न मिलने पर जब दरवाजा तोड़ा गया, तो तपन घोष का शव छत से लटका हुआ मिला। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मामले की जानकारी देते हुए शक्तिनगर जिला अस्पताल के सुपर जयंत सरकार ने बताया कि अस्पताल के बाथरूम से एक मरीज का शव मिला है। घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।प्राथमिक जांच के आधार पर पुलिस और अस्पताल प्रशासन इसे आत्महत्या का मामला मान रहे हैं। कृष्णनगर कोतवाली थाने की पुलिस ने घटना की गहन जांच शुरू कर दी है।
