नीट (NEET) प्रश्नपत्र लीक विवाद को लेकर शुक्रवार को कोलकाता का धर्मतला इलाका विरोध-प्रदर्शनों का केंद्र बन गया। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और विभिन्न वामपंथी छात्र संगठनों ने संयुक्त रूप से विशाल रैली निकालकर केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, कथित पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच और परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार की मांग की। प्रदर्शन के दौरान जब रैली धर्मतला और डोरिना क्रॉसिंग पहुंची तो पुलिस ने बैरिकेडिंग कर आगे बढ़ने से रोकने का प्रयास किया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की और तीखी झड़प हुई। स्थिति तनावपूर्ण होने पर पुलिस ने भीड़ को हटाने के लिए बल प्रयोग किया। घटना के बाद पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया और यातायात भी प्रभावित रहा। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक ने लाखों छात्रों के भविष्य को संकट में डाल दिया है। CJP और छात्र संगठनों ने मांग की कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल इस्तीफा दें तथा पूरे मामले की न्यायिक या स्वतंत्र एजेंसी से निष्पक्ष जांच कराई जाए। रैली में शामिल छात्रों ने कहा कि केवल दोषियों की गिरफ्तारी ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी और जवाबदेह बनाया जाना चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने पेपर लीक में शामिल सभी लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई और छात्रों के हितों की सुरक्षा की मांग दोहराई। विरोध प्रदर्शन को देखते हुए कोलकाता पुलिस ने धर्मतला और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक सभी कदम उठाए जा रहे हैं और पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर रखी जा रही है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *