हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के बीच शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया। लाहौल-स्पीति क्षेत्र में चंबा जिले के पांगी-उदयपुर मार्ग पर कडू (काहुडू) नाला के पास पहाड़ी से भारी चट्टान गिरने से एक सूमो वाहन उसकी चपेट में आ गया। हादसे में चालक समेत 13 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक, सूमो वाहन कुल्लू से पांगी की ओर जा रहा था। वाहन में चालक सहित कुल 15 लोग सवार थे। जैसे ही गाड़ी कडू नाले के समीप पहुंची, अचानक पहाड़ी से विशाल चट्टान का हिस्सा टूटकर सड़क पर आ गिरा। चट्टान सीधे वाहन पर गिरी, जिससे सूमो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। मृतकों में वाहन चालक  भी शामिल हैं। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, जिला प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जबकि प्रशासन ने मृतकों की पहचान और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल पर राहत एवं बचाव अभियान जारी है। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण चंबा जिले की पांगी घाटी को जोड़ने वाला साच पास मार्ग भी भारी भूस्खलन की चपेट में आ गया है। सतरुंडी और रानीकोट नाला के पास हुए लैंडस्लाइड के चलते सड़क पूरी तरह बंद हो गई है, जिससे पांगी घाटी की ओर वाहनों की आवाजाही ठप हो गई है। प्रशासन ने खराब मौसम को देखते हुए लोगों से अनावश्यक यात्रा नहीं करने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि लगातार बारिश के कारण कई स्थानों पर भूस्खलन और पहाड़ियों से पत्थर गिरने की घटनाएं हो रही हैं, जिससे जान-माल का खतरा बना हुआ है। लोगों से केवल अत्यंत आवश्यक होने पर ही यात्रा करने और मौसम विभाग व प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा गया है। एसडीएम  ने बताया कि लगातार बारिश के चलते सतरुंडी नाला और रानीकोट के पास बड़े पैमाने पर भूस्खलन हुआ है, जिससे पांगी घाटी को जोड़ने वाला साच पास मार्ग बंद हो गया है। सड़क अवरुद्ध होने से यातायात पूरी तरह प्रभावित हुआ है। उन्होंने बताया कि लोक निर्माण विभाग (PWD) की मशीनों को मौके पर भेज दिया गया है और सड़क को जल्द से जल्द बहाल करने का काम युद्धस्तर पर जारी है। मार्ग खुलते ही इसकी जानकारी आम लोगों को दे दी जाएगी। एसडीएम ने एक बार फिर लोगों से मौसम सामान्य होने तक अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की।

By UJAGAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *