असम में बाढ़ की स्थिति में रविवार को सुधार हुआ. हालांकि अब भी पांच जिलों में लगभग 1.35 लाख लोग प्रभावित हैं. इसके अलावा तीन और लोगों की मौत के बाद इस साल बाढ़ के कारण जान गंवाने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 85 हो गई. एक आधिकारिक बुलेटिन में यह जानकारी दी गई है. बुलेटिन में बताया गया है कि तीनों लोगों की मौत शिवसागर जिले में हुई. असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) ने बताया कि चराइदेव, धेमाजी, गोलाघाट, जोरहाट और शिवसागर जिलों में 1,36,200 से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं. शनिवार को पांच जिलों में लगभग 1.8 लाख लोग प्रभावित थे. शिवसागर सबसे ज्यादा प्रभावित जिला है, जहां 55,000 से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं. इसके बाद चराइदेव में 40,000 और जोरहाट में 22,000 लोग प्रभावित हैं. एएसडीएमए के अनुसार, 335 गांव बाढ़ के पानी में डूबे हुए हैं जबकि 15,422 हेक्टेयर कृषि भूमि को नुकसान पहुंचा है. प्रशासन पांच जिलों में 54 राहत शिविर और राहत वितरण केंद्र का संचालन कर रहा है, जहां 13,771 लोगों की देखभाल की जा रही है. नुमालीगढ़ में धनसिरी नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है.

By UJAGAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *