वैश्विक बाजारों में भू-राजनीतिक तनाव कम होने और अमेरिकी डॉलर के कमजोर पड़ने से गुरुवार को सोने की कीमतों में तेज उछाल देखने को मिला। घरेलू वायदा बाजार (MCX) में 10 ग्राम सोने की कीमत ₹1,49,029 से शुरू होकर ₹1,49,250 के स्तर तक पहुंच गई। वहीं, अंतरराष्ट्रीय बाजार (COMEX) में सोना उछलकर 4,363.60 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया, जो पिछले सात हफ्तों में इसका उच्चतम स्तर है। बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव में नरमी के संकेत और होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) के खुलने की संभावना से कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट की उम्मीद बंधी है। कच्चे तेल के सस्ता होने से वैश्विक मुद्रास्फीति (Inflation) का दबाव कम होगा, जिससे अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरें न बढ़ाने की संभावना बलवती हुई है। इसके चलते अमेरिकी डॉलर और ट्रेजरी बॉन्ड यील्ड में गिरावट आई है और निवेशकों का रुझान सुरक्षित निवेश के रूप में सोने की तरफ बढ़ा है। बाजार विश्लेषकों के मुताबिक, घरेलू बाजार (MCX) पर 10 ग्राम सोने के लिए ₹1.50 लाख का स्तर एक मजबूत रेजिस्टेंस बना हुआ है; इसे पार करने पर कीमतें ₹1.52 लाख तक जा सकती हैं। वहीं, अंतरराष्ट्रीय बाजार (COMEX) में 4,320 डॉलर का रेजिस्टेंस पार होने पर भाव 4,350 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच सकते हैं। विशेषज्ञों की सलाह है कि सोने का ओवरऑल रुझान सकारात्मक होने के कारण निवेशकों को कीमतों में मामूली गिरावट पर खरीदारी (‘Buy on dips’) की रणनीति अपनानी चाहिए।

By UJAGAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *