पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में गाजोल थाना क्षेत्र के रांगाभिटा इलाके में 12 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार तड़के पुलिस ने नाका चेकिंग के दौरान एक बाइक को रोककर बैग से ₹40,69,700 नकद और 568 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की। गश्त के दौरान संदिग्ध व्यवहार दिखने पर पुलिस ने दोनों बाइक सवारों को रोका और बैग की तलाशी ली, जहां से नोटों की गड्डियां और नशीला पदार्थ मिला। पुलिस ने नकद व ड्रग्स जब्त कर दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, पकड़े गए युवकों की पहचान सिद्धार्थ मंडल और किशोर मंडल के रूप में हुई है, जो मालदा के कालियाचक क्षेत्र के निवासी हैं। दोनों आरोपी यह राशि और ब्राउन शुगर बाइक पर लादकर मालदा शहर की ओर ले जा रहे थे। जब्त की गई ब्राउन शुगर की बाजार कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। पुलिस मामले में मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क और नकदी के स्रोत की जांच कर रही है। पश्चिम बंगाल में नकदी बरामदगी का यह लगातार दूसरा मामला है। इससे पूर्व सोमवार, 5 अगस्त को दुर्गापुर के फरीदपुर थाना क्षेत्र में एक परित्यक्त ईंट भट्टे से ₹48 लाख नकद बरामद किए गए थे। स्थानीय व्यापारी के घर हुई चोरी की जांच के दौरान वह राशि हाथ लगी थी। महज 24 घंटे के अंतराल में दो जिलों से कुल ₹89 लाख से अधिक नकद मिलने के बाद पुलिस अलर्ट पर है।

By UJAGAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *