केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार देर रात तीन दिवसीय दौरे पर पश्चिम बंगाल पहुंचे। विशेष विमान से बागडोगरा हवाई अड्डे पर पहुंचने पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने उनका स्वागत किया। इस अवसर पर राज्य के पर्यटन मंत्री शंकर घोष, उत्तर बंग विकास मंत्री निशीथ प्रमाणिक तथा वरिष्ठ प्रशासनिक एवं सुरक्षा अधिकारी भी उपस्थित रहे। अमित शाह शुक्रवार रात सिलीगुड़ी के कदमतला स्थित सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के कार्यालय में ठहरे। शनिवार और रविवार को उनका कार्यक्रम बेहद व्यस्त रहेगा। राज्य सरकार द्वारा हाल ही में लागू किए गए गुंडा दमन कानून तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के क्रियान्वयन की समीक्षा उनके दौरे का प्रमुख उद्देश्य माना जा रहा है। शनिवार सुबह केंद्रीय गृह मंत्री बीएसएफ की 18वीं बटालियन के कार्यक्रम में भाग लेंगे और ‘प्रहरी सम्मेलन’ को संबोधित करेंगे। इस दौरान वे सीमा सुरक्षा से जुड़े अधिकारियों और जवानों से संवाद करेंगे। इसके बाद अमित शाह उत्तरकन्या में लगातार दो महत्वपूर्ण बैठकों की अध्यक्षता करेंगे। पहली बैठक में पश्चिम बंगाल में नई आपराधिक न्याय व्यवस्था, भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के क्रियान्वयन तथा हाल ही में लागू किए गए गुंडा दमन कानून की समीक्षा की जाएगी। साथ ही राज्य की मौजूदा कानून-व्यवस्था पर भी विस्तार से चर्चा होगी। शाम को वे जन्म एवं मृत्यु प्रमाणपत्र व्यवस्था से जुड़े प्रशासनिक विषयों पर अधिकारियों के साथ एक अलग समीक्षा बैठक करेंगे। उत्तर बंगाल का कार्यक्रम पूरा करने के बाद अमित शाह शनिवार रात कोलकाता पहुंचेंगे। रविवार सुबह केंद्रीय गृह मंत्री राज्य के वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ कानून-व्यवस्था पर उच्चस्तरीय बैठक करेंगे। इसके बाद वे राष्ट्रीय पुस्तकालय के एक कार्यक्रम में भाग लेंगे। दोपहर बाद अमित शाह विश्व बांग्ला कन्वेंशन सेंटर पहुंचेंगे, जहां से वे एक प्रमुख दुग्ध कंपनी की नई फैक्टरी का वर्चुअल शिलान्यास करेंगे। इस परियोजना को राज्य में निवेश और औद्योगिक विकास को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। उल्लेखनीय है कि पश्चिम बंगाल में नई सरकार के गठन के बाद उद्योग, निवेश और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कई नई पहल की गई हैं। हाल ही में राज्य में गुंडा दमन कानून लागू किया गया है तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) को भी प्रभावी बनाया गया है। ऐसे समय में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का यह दौरा प्रशासनिक, सुरक्षा और विकास—तीनों दृष्टियों से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

By UJAGAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *