दक्षिण 24 परगना जिले के बारुईपुर थाना अंतर्गत उत्तर टैंगारबेड़िया क्षेत्र में रविवार रात एक सक्रिय बीजेपी कार्यकर्ता की पीट-पीटकर और धारदार हथियारों से हमला कर नृशंस हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान बापी प्रमाणिक के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया है। परिजनों का आरोप है कि पार्टी के ही एक स्थानीय बीजेपी नेता ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) आश्रित असामाजिक तत्वों के साथ मिलकर बापी की हत्या करवाई है। परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बापी प्रमाणिक लंबे समय से बीजेपी के सक्रिय कार्यकर्ता थे और टीएमसी के कथित अत्याचार के कारण करीब दस वर्षों तक घर से दूर रहने के बाद हाल ही में लौटे थे। रविवार रात को उन्हें फोन करके घर से बाहर बुलाया गया। रास्ते में असामाजिक तत्वों ने उन्हें घेर लिया और लोहे की रॉड, लाठियों तथा धारदार हथियारों से उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। स्थानीय बीजेपी कार्यकर्ताओं और परिजनों ने आरोप लगाया कि स्थानीय बीजेपी नेता सुजन मंडल की योजना के तहत ही इस हत्या को अंजाम दिया गया है। स्थानीय कार्यकर्ता बादल मंडल का दावा है कि सुजन मंडल टीएमसी के बदमाशों के साथ बैठकें कर रहा था। जब कार्यकर्ताओं ने इसका विरोध किया, तो सुजन नाइया, सुनील नाइया, अधीर नाइया और टोकन नाइया जैसे असामाजिक तत्वों को उकसाकर बापी प्रमाणिक की हत्या करवा दी गई। परिजनों और स्थानीय लोगों ने दोषियों की तुरंत गिरफ्तारी और फांसी की मांग की है। दूसरी ओर, पुलिस सूत्रों के मुताबिक प्राथमिक जांच में एक स्थानीय पूजा कमेटी के गठन को लेकर दो गुटों के बीच विवाद और मारपीट की बात भी सामने आ रही है। पुलिस का कहना है कि उसी झड़प में बापी प्रमाणिक गंभीर रूप से घायल हो गए थे और अस्पताल ले जाते समय उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना में कुछ अन्य लोग भी घायल हुए हैं। घटना के बाद से क्षेत्र में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है, जिसे देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने परिजनों की लिखित शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और संदेह के आधार पर कई लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जल्द ही मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

By UJAGAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *