प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 137वें एपिसोड में देशवासियों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने प्रौद्योगिकी, सामाजिक अभियानों, पर्यावरण संरक्षण, जमीनी नवाचारों और महिला सशक्तिकरण के जरिए बदलाव ला रहे आम नागरिकों के प्रयासों की सराहना की। पीएम मोदी ने मुंबई के कृष्णा शेषाद्री की डिजिटल पहल ‘भारतराज्य’ से संबोधन की शुरुआत की, जो तकनीक के माध्यम से भारतीय इतिहास को रोचक और सुलभ बनाती है। प्रधानमंत्री ने देश के युवाओं से ‘विकसित भारत के लिए नशा मुक्त युवा’ अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति को ही नहीं बल्कि पूरे परिवार और समाज को बर्बाद कर देता है। इसके साथ ही उन्होंने अगस्त महीने में देशभक्ति के विविध रंगों, ‘हर घर तिरंगा’ अभियान, भारत छोड़ो आंदोलन की वर्षगांठ, विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस और राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस का उल्लेख किया। उन्होंने विशेष रूप से ध्यान दिलाया कि इस वर्ष ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूरे हो रहे हैं। पीएम मोदी ने रेहड़ी-पटरी वालों के लिए चलाई जा रही ‘पीएम स्वानिधि’ योजना का जिक्र करते हुए कहा कि इसके 46 प्रतिशत लाभार्थी महिलाएं हैं। गाजियाबाद और बेंगलुरु का उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया कि लगभग 35 लाख महिलाएं इस योजना से जुड़कर अपने व्यवसाय को आगे बढ़ा रही हैं। इसके अलावा, अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी में बेटियों की भागीदारी को रेखांकित करते हुए उन्होंने ‘मिशन शक्तिसैट’ की प्रशंसा की, जिसके तहत 108 देशों की 12,000 छात्राएं उपग्रह तकनीक (Satellite Technology) और नवाचार सीख रही हैं। कार्यक्रम में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को स्वरोजगार में बदलने वाली प्रेरक कहानियों को साझा किया गया। यूपी के रामपुर (पटवाई) में युवाओं द्वारा चलाए गए स्वच्छता अभियान और श्री अमरनाथ यात्रा के दौरान चलाए गए विशाल स्वच्छता अभियान का पीएम ने विशेष रूप से उल्लेख किया, जहां 400 मीट्रिक टन से अधिक कचरे का प्रसंस्करण किया गया। साथ ही नागालैंड के फेक जिले में वैज्ञानिक तरीके से फूलों (ग्लैडियोलस) की खेती करने वाली वैशालु पुरो और ओडिशा के देबरीगढ़ में ईको-टूरिज्म व जंगल संरक्षण से जुड़ी महिलाओं की सफलता की गाथा सुनाई। बंगाली सिनेमा के महानायक उत्तम कुमार को उनकी जन्मशताब्दी से पूर्व श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए प्रधानमंत्री ने सिनेमा और कला क्षेत्र में उनके योगदान को याद किया। इसके साथ ही उन्होंने देश में एवाकाडो (Avocado) की बढ़ती खेती और किसानों को हो रहे लाभ का उल्लेख किया। आगामी त्योहारों— जन्माष्टमी, विश्वकर्मा पूजा और दिवाली के मद्देनजर पीएम मोदी ने एक बार फिर ‘वोकल फॉर लोकल’ अपनाने की पुरजोर अपील की और कहा कि त्योहारों में अपने घरों के लिए सामान खरीदते समय भारत में बने स्वदेशी उत्पादों को ही प्राथमिकता दें।

By UJAGAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *