महानायक उत्तम कुमार की जन्मशताब्दी के मौके पर गुरुवार को टॉलीगंज में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। उत्तम कुमार की प्रतिमा पर मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में टॉलीवुड के कई दिग्गज कलाकार, निर्देशक और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। रंजीत मल्लिक, रत्ना घोषाल, वरिष्ठ निर्देशक गौतम घोष, प्रसेनजीत चट्टोपाध्याय, ऋतुपर्णा सेनगुप्ता, देव और जीत समेत कई फिल्मी हस्तियां कार्यक्रम में शामिल हुईं। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के पहले माल्यार्पण करने की बात थी। हालांकि, मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने वरिष्ठ अभिनेता रंजीत मल्लिक को आगे आने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि परंपरा के अनुसार उन्हें माल्यार्पण के लिए कहा गया था, लेकिन एक वरिष्ठ अभिनेता और उत्तम कुमार के सहकर्मी होने के नाते शुरुआत रंजीत मल्लिक के हाथों से होनी चाहिए।इसके बाद रंजीत मल्लिक ने महानायक उत्तम कुमार की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने उत्तम कुमार की जन्मशताब्दी के अवसर पर राज्यभर में कई कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही। उन्होंने उत्तम मंच को नए सिरे से सजाने और पदयात्रा समेत विभिन्न कार्यक्रमों का जिक्र किया। मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तम कुमार के नाम से जुड़ी संस्था की स्थापना की दिशा में भी कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा चार दिवसीय कार्यक्रम, पदयात्रा, केक काटने और पायेस खाने जैसे कार्यक्रमों की भी योजना का उल्लेख किया गया। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री द्वारा उत्तम कुमार को श्रद्धांजलि दिए जाने का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने सुबह ही महानायक को श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री के मुताबिक, इससे यह संदेश जाता है कि उत्तम कुमार की लोकप्रियता और योगदान बंगाल की सीमाओं से आगे पूरे देश तक है। उन्होंने कहा कि महानायक को लेकर पूरा देश और बंगाली समाज गर्व महसूस करता है। मुख्यमंत्री ने बताया कि फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कलाकारों और तकनीशियनों की ओर से एक सूची दी गई है। इस सूची के आधार पर संबंधित कलाकारों और कलाकर्मियों को सम्मानित करने की बात भी उन्होंने कही। इसके साथ ही उत्तम मंच को बेहतर बनाने और महानायक की स्मृति से जुड़े कार्यक्रमों को आगे बढ़ाने की योजना का भी जिक्र किया गया।उत्तम कुमार की जन्मशताब्दी के मौके पर केंद्र सरकार की ओर से भी पहल किए जाने की बात सामने आई है। दी गई जानकारी के मुताबिक, भारत सरकार की ओर से उत्तम कुमार की तस्वीर वाले सिक्के और डाक टिकट जारी किए जाने की तैयारी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तम कुमार की जन्मशताब्दी को व्यापक स्तर पर मनाया जाएगा और उनके योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

By UJAGAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *