प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जन्माष्टमी के पावन अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। पीएम मोदी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर सभी को बधाई दी। पीएम मोदी ने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा कि आप सभी को जन्माष्टमी की अनेकानेक शुभकामनाएं। भगवान श्रीकृष्ण के दिव्य संदेशों में नि:स्वार्थ कर्म की अद्भुत प्रेरणा निहित है, जिसने मानवता का निरंतर मार्गदर्शन किया है। उनकी भक्ति और उपासना को समर्पित यह पावन अवसर हर किसी के जीवन में सकारात्मक ऊर्जा और शक्ति का संचार करे, यही कामना है। जय श्रीकृष्ण। इसके साथ ही पीएम मोदी ने एक अन्य पोस्ट में सुभाषितम् भी शेयर किया। उन्होंने सुभाषितम् में संस्कृत श्लोक ‘वसुदेवसुतं देवं कंसचाणूरमर्दनम्। देवकीपरमानन्दं कृष्णं वन्दे जगद्गुरुम्॥’ पोस्ट किया। इस श्लोक का हिंदी अर्थ है- ‘वसुदेव-पुत्र, देव-स्वरूप, कंस और चाणूर का संहार करने वाले, माता देवकी को परम आनन्द प्रदान करने वाले जगद्गुरु भगवान श्रीकृष्ण की मैं वन्दना करता हूं।’ यह प्रसिद्ध श्लोक आदि शंकराचार्य की ओर से रचित ‘कृष्णाष्टकम’ स्तोत्र से लिया गया है। इस श्लोक को इस स्तोत्र का प्रथम श्लोक या मंगलाचरण माना जाता है। ‘कृष्णाष्टकम’ अद्वैत वेदांत के महान प्रणेता जगद्गुरु आदि शंकराचार्य द्वारा रचित भगवान श्री कृष्ण की स्तुति में आठ श्लोकों का एक अत्यंत पवित्र और दिव्य स्तोत्र है। जन्माष्टमी भगवान श्री कृष्ण के जन्मोत्सव के रूप में मनाई जाती है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, भाद्रपद मास के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि को आधी रात के वक्त भगवान विष्णु ने श्रीकृष्ण के रूप में देवकी और वसुदेव के यहां जन्म लिया था। इसी खुशी में हर साल पूरे देश में जन्माष्टमी का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु समेत केंद्रीय मंत्रियों ने देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा कि जन्माष्टमी के शुभ अवसर पर मैं, देश-विदेश में रह रहे सभी भारतीयों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देती हूं। भगवान श्री कृष्ण की जीवनलीला और उनके संदेश भारतीय संस्कृति और दर्शन को संजीवनी प्रदान करते हैं। उन्होंने सत्य, धर्म, न्याय, करुणा और निष्काम कर्म का मार्ग दिखाया। आइए, इस शुभ अवसर पर हम सभी भगवान श्री कृष्ण के आदर्शों को अपनाने तथा एक समावेशी और विकसित भारत के निर्माण के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लें। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा कि समस्त देशवासियों को ‘श्री कृष्ण जन्माष्टमी’ के पावन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं। धर्म, नीति और लोककल्याण के प्रतीक योगेश्वर भगवान श्री कृष्ण सभी पर अपनी कृपा बनाए रखें। जय श्री कृष्ण। वहीं, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लिखा, ‘श्री कृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। श्रीमद्भगवद्गीता में उनका अमर संदेश कर्म के प्रति निष्ठा, विवेक, धैर्य और लोककल्याण की प्रेरणा देता है। भगवान श्री कृष्ण की कृपा से देश में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली बनी रहे तथा प्रत्येक परिवार के जीवन में आनंद, आशा और नई ऊर्जा का संचार हो। जय श्रीकृष्ण।’ केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, ‘समस्त देशवासियों को श्री कृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं। जय श्री कृष्णा।’ केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने ‘एक्स’ पोस्ट करते हुए लिखा कि जन्माष्टमी पर भगवान श्री कृष्ण के दिव्य जन्म का जश्न मनाएं और उनके धर्म, कर्म और भक्ति के शाश्वत संदेश से प्रेरणा लें। सभी को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं।

By UJAGAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *