उत्तर कोलकाता के राजा नव कृष्ण स्ट्रीट में शुक्रवार दोपहर अचानक एक जर्जर मकान का ऊपरी हिस्सा भरभराकर गिर गया। घटना 66, राजा नव कृष्ण स्ट्रीट की बताई जा रही है। अचानक मलबा गिरने से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक, यह दो मंजिला मकान काफी समय से बेहद खराब स्थिति में था। मकान को खतरनाक भी चिन्हित किया गया था। बताया जा रहा है कि इसकी दीवारों और छत पर पेड़-पौधे तक उग आए थे। स्थानीय लोगों ने लंबे समय से मकान की मरम्मत नहीं होने का भी आरोप लगाया है। जानकारी के अनुसार, इस मकान में एक परिवार रहता था। राहत की बात यह रही कि जब मकान का ऊपरी हिस्सा अचानक गिरा, उस वक्त परिवार के सदस्य घर में मौजूद नहीं थे। इससे एक बड़ा हादसा टल गया। घटना की सूचना मिलते ही कोलकाता पुलिस और डिजास्टर मैनेजमेंट की टीम मौके पर पहुंची। मकान का मलबा पूरी गली में फैल गया है। फिलहाल राहत एवं बचाव दल मलबा हटाने और रास्ते को साफ करने में जुटा है। प्रशासन की ओर से मौके की स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

By UJAGAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *