बॉलीवुड और बांग्ला फिल्मों के स्टार मिथुन चक्रवर्ती पश्चिम बंगाल सरकार के नए सांस्कृतिक सलाहकार नियुक्त किए गए हैं। सीएम शुभेंदु अधिकारी ने गुरुवार को न्यू टाउन में ‘उत्तम कुमार फिल्म सेंटर’ की आधारशिला रखने के कार्यक्रम में यह घोषणा की। यह कार्यक्रम मशहूर एक्टर उत्तम कुमार की जन्म शताब्दी मनाने के लिए आयोजित किया गया था। बीजेपी नेता मिथुन चक्रवर्ती को बंगाल सरकार पहले ही उत्तम कुमार की जन्म शताब्दी समारोह के लिए बनाई गई एक विशेष उच्च-स्तरीय सलाहकार समिति का सह-संरक्षक बनाया गया है। उनके साथ संस्कृति राज्य मंत्री पूर्णिमा चक्रवर्ती सह-संरक्षक के तौर पर शामिल हैं। राज्य के सांस्कृतिक सलाहकार नियुक्त होने पर अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती ने पश्चिम बंगाल में शूटिंग करने वाली फ़िल्मों के लिए टैक्स में 30 प्रतिशत सब्सिडी का अनुरोध किया। जिसे सीएम सुवेंदु अधिकारी ने तुरंत मंजूर कर लिया। सीएम ने कहा कि एक समय में पश्चिम बंगाल भारतीय सिनेमा को प्रतिनिधित्व करता था। मगर राजनीतिक हस्तक्षेप के कारण हालात बदल गए। उन्होंने बांग्ला सिनेमा से जुड़े कलाकारों, निर्माता- निर्देशकों से मिलकर काम करने की अपील की। उन्होंने वादा किया कि बांग्ला सिनेमा के लिए अगर कानून बनाने की जरूरत पड़ी तो वह पीछे नहीं हटेंगे। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, पश्चिम बंगाल के सांस्कृतिक सलाहकार के तौर पर मिथुन चक्रवर्ती को राज्यमंत्री के समान वेतन और सुविधाएं मिलेंगी। हालांकि राज्य सरकार ने इस खास सलाहकार पद के लिए वेतनमान, मानदेय या अन्य सुविधाओं का ब्योरा देने वाली आधिकारिक सूचनाएं अभी तक जारी नहीं की हैं। सांस्कृतिक सलाहकार नियुक्त होने के बाद मिथुन चक्रवर्ती ने कहा कि बंगाल में हम जो खो चुके हैं उसे वापस लाने की कोशिश करेंगे। हम बंगाल में फिल्म बनाने वालों को 30 प्रतिशत सब्सिडी दे रहे हैं और पूरे भारत के लोगों को बंगाल आने, यहां शूटिंग करने और पहाड़ों, समुद्र और रोमांस का आनंद लेने के लिए आमंत्रित कर रहे हैं। बता दें कि बीते अगस्त महीने में अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती की दाएं हाथ में लगी चोट के कारण सर्जरी हुई थी। उन्हें कोलकाता के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया था। तब शुभेंदु अधिकारी उनसे मिलने गए थे। विधानसभा चुनाव में बीजेपी की जीत के बाद ही यह अनुमान लगाया जा रहा था कि राज्य सरकार मिथुन चक्रवर्ती को बड़ा दायित्व दे सकती है। बीजेपी में शामिल होने के बाद मिथुन चक्रवर्ती ने चुनाव में पार्टी के लिए प्रचार किया था। जब शुभेंदु अधिकारी सीएम बने तब वह स्टार एक्टर से मिलने गए थे। साथ ही, भरोसा दिया था कि मिथुन दा ने जो चुनाव में वादे किए हैं, उसे प्रायरिटी से पूरा किया जाएगा।

By UJAGAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *