प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 8 सितंबर के गुजरात दौरे को लेकर एक ऐतिहासिक और अनोखा नजारा देखने को मिला। वडोदरा के महाराजा सयाजीराव यूनिवर्सिटी प्रांगण में आयोजित ‘नमो फॉर विकसित भारत’ कार्यक्रम में शामिल होने के लिए ऑनलाइन बुकिंग प्लेटफॉर्म ‘बुकमायशो’ (BookMyShow) पर फ्री टिकटें जारी की गईं, जो महज एक घंटे के भीतर पूरी तरह बुक हो गईं। वडोदरा नगर निगम द्वारा आयोजित इस डिजिटल पहल के तहत सभी सीटें भरने के बाद 42,000 से अधिक लोग वेटिंग लिस्ट में शामिल हैं। इस ऐतिहासिक जनसभा में प्रवेश के लिए डिजिटल एम-टिकट और लाइव क्यूआर (QR) कोड की व्यवस्था की गई है। इस दौरान पीएम मोदी गुजरात और महाराष्ट्र के लिए 35,000 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी वडोदरा से रेल और माल परिवहन क्षेत्र को मजबूत करने के लिए 20,700 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से तैयार 326 किलोमीटर लंबे वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (WDFC) के तीन नए सेक्शन देश को समर्पित करेंगे। इससे उत्तरी भारत के औद्योगिक क्षेत्रों का मुंबई स्थित जवाहरलाल नेहरू पोर्ट (JNPT) से सीधा और तेज संपर्क स्थापित होगा। इस कॉरिडोर के शुरू होने से माल ढुलाई में लगने वाले समय और लागत में भारी कमी आएगी। इसके साथ ही न्यू सनंद, न्यू मकरपुरा और न्यू उमरगांव से नई फ्रेट ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई जाएगी।क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को गति देते हुए प्रधानमंत्री तांडा रोड से वडोदरा (प्रतापनगर) के बीच एक नई यात्री ट्रेन सेवा शुरू करेंगे। अलीराजपुर के दूरदराज जनजातीय (आदिवासी) क्षेत्रों को राष्ट्रीय रेल नेटवर्क से जोड़ने के लिए जोबट-तांडा रोड नई रेल लाइन राष्ट्र को समर्पित की जाएगी। बुनियादी ढांचे के विस्तार के तहत 9,700 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की 329 किलोमीटर लंबी तीन नई रेल परियोजनाओं और 1,780 करोड़ रुपये लागत वाली तीन राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा। गुजरात सरकार की 2,600 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी पीएम मोदी के हाथों संपन्न होगा। इसमें वडोदरा की नई रिंग रोड (दूसरा चरण), कडाना बांध पर 110 मेगावाट का फ्लोटिंग सोलर प्रोजेक्ट, वडोदरा नगर निगम की नई प्रशासनिक इमारत, पीएम आवास योजना (PMAY) के तहत बने मकान और 11 गांवों के लिए पेयजल आपूर्ति परियोजनाएं शामिल हैं।वडोदरा के सभी कार्यक्रमों को पूरा करने के बाद प्रधानमंत्री मोदी सीधे मुंबई के लिए रवाना होंगे। मुंबई में वह विश्व स्तर पर वित्तीय प्रौद्योगिकी क्षेत्र के सबसे बड़े आयोजनों में से एक ‘ग्लोबल फिनटेक फेस्ट 2026’ (GFF) के सातवें संस्करण का औपचारिक उद्घाटन करेंगे। 8 से 11 सितंबर तक चलने वाले इस चार दिवसीय सम्मेलन में पीएम मोदी वैश्विक नीति निर्माताओं, उद्योगपतियों और टेक लीडर्स के साथ भारत की डिजिटल अर्थव्यवस्था और फिनटेक नवाचारों पर संवाद करेंगे।

By UJAGAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *