तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के कोलकाता स्थित 9 कैमैक स्ट्रीट कार्यालय भवन को लेकर विवाद बढ़ गया है। अग्निशमन विभाग (फायर ब्रिगेड) ने इस बहुमंजिला इमारत के बेसमेंट, 6ठीं और 7वीं मंजिल को तुरंत खाली करने का अंतिम नोटिस जारी किया है। दमकल विभाग के अनुसार, भवन की ‘फायर सेफ्टी सर्टिफिकेट’ की अवधि समाप्त हो चुकी है और इसके अग्निशमन तंत्र में गंभीर खामियां पाई गई हैं। अधिकारियों ने जांच के बाद बताया कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर फायर सेफ्टी सर्टिफिकेट का नवीनीकरण (रिन्यूअल) नहीं कराया गया था। इसके बावजूद इमारत के उन हिस्सों का उपयोग किया जा रहा था, जो सुरक्षा की दृष्टि से बेहद खतरनाक थे। पिछले सोमवार को पुलिस और दमकल विभाग की संयुक्त टीम ने अचानक इस भवन का फायर ऑडिट किया था। जांच के दौरान पाया गया कि इमारत का फायर अलार्म सिस्टम खराब था और वहां कोई हीट डिटैक्टर या स्मोक डिटैक्टर नहीं लगा हुआ था। शुक्रवार को जारी निर्देशों में साफ कहा गया है कि जब तक खामियों को दुरुस्त करके नया वैध फायर सर्टिफिकेट प्राप्त नहीं कर लिया जाता, तब तक बेसमेंट, 6ठीं और 7वीं मंजिल का उपयोग किसी भी कार्य के लिए नहीं किया जा सकेगा। दमकल विभाग ने इस आदेश के क्रियान्वयन के लिए नोटिस की प्रति कोलकाता नगर निगम (KMC) और शेक्सपियर सरणी पुलिस स्टेशन को भी भेज दी है। उल्लेखनीय है कि डायमंड हार्बर से सांसद अभिषेक बनर्जी का मुख्य कार्यालय इस इमारत की सातवीं और आठवीं मंजिल पर स्थित है। शेक्सपियर सरणी पुलिस को साथ लेकर दमकल अधिकारियों ने इमारत के अंदर और बाहर का बारीकी से निरीक्षण किया। अधिकारियों ने कोलकाता नगर निगम में जमा कराए गए मूल बिल्डिंग प्लान के साथ मौजूदा निर्माण का मिलान भी किया, जिसमें इमारत के बाहर बने एक शेड पर आपत्ति जताई गई। दमकल विभाग का दावा है कि इस भवन में पहले केवल एक ही बार फायर ऑडिट कराया गया था।

