कांग्रेस आज यानी 8 अक्टूबर को देशभर में विरोध प्रदर्शन करने जा रही है। पार्टी ने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्षी सांसदों के प्रदर्शन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई और नेताओं को हिरासत में लिए जाने के विरोध में राज्य, जिला और ब्लॉक स्तर पर प्रदर्शन का ऐलान किया है। कांग्रेस ने 8 अक्टूबर को लोकतंत्र के लिए ‘काला दिवस’ बताते हुए पार्टी की सभी इकाइयों से व्यापक प्रदर्शन करने की अपील की है। पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी संदेश में प्रदेश कांग्रेस समितियों, जिला कांग्रेस समितियों और ब्लॉक/मंडल स्तर पर प्रदर्शन आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। यह विरोध प्रदर्शन ऐसे समय हो रहा है, जब दिल्ली में विपक्षी दलों का CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन लगातार तेज हुआ है। 7 अक्टूबर को राहुल गांधी समेत विपक्षी नेताओं ने चुनाव आयोग तक मार्च करने की कोशिश की थी, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इसके बाद कई विपक्षी नेताओं को हिरासत में लिया गया। विपक्षी दल विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर चुनाव आयोग पर सवाल उठा रहे हैं। विपक्ष CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी कर रहा है। वहीं, चुनाव आयोग ने किसी भी तरह की गड़बड़ी के आरोपों से इनकार किया है।  कांग्रेस की ओर से जारी संदेश में राज्य, जिला और ब्लॉक/मंडल स्तर पर व्यापक विरोध प्रदर्शन करने को कहा गया है। कांग्रेस का कहना है कि दिल्ली में विपक्षी सांसदों के प्रदर्शन के दौरान पुलिस की कार्रवाई के विरोध में देशभर में आवाज उठाई जाएगी। विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर विपक्ष और चुनाव आयोग के बीच मतभेद लगातार सामने आ रहे हैं। विपक्ष का आरोप है कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया में पारदर्शिता को लेकर सवाल हैं। दूसरी ओर, चुनाव आयोग इन आरोपों को खारिज करता रहा है।अब कांग्रेस के देशव्यापी प्रदर्शन और विपक्ष की ओर से CEC के इस्तीफे की मांग के बाद यह मुद्दा और गरमाने की संभावना है।

By UJAGAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *