पटना से लखनऊ जा रही इंडिगो एयरलाइन की फ्लाइट बुधवार शाम खराब मौसम के दौरान आकाशीय बिजली की चपेट में आ गई। घटना उस समय हुई, जब विमान लखनऊ के आसपास करीब 17 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था। बिजली गिरने के बावजूद विमान का संचालन सामान्य रहा और पायलट ने इसे सुरक्षित लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उतार लिया।विमान में करीब 104 यात्री सवार थे। इंडिगो की शेड्यूल्ड घरेलू उड़ान 6E925 ने बुधवार को पटना से लखनऊ के लिए उड़ान भरी थी। फ्लाइट को दोपहर 3:10 बजे पटना से रवाना होकर शाम 4:20 बजे लखनऊ पहुंचना था।खराब मौसम के बीच विमान लखनऊ के करीब पहुंचा और करीब 17 हजार फीट की ऊंचाई पर आकाशीय बिजली की चपेट में आ गया। इसके बावजूद विमान के पायलट ने स्थिति को संभालते हुए सुरक्षित लैंडिंग कराई। खराब मौसम के बावजूद विमान करीब 4:05 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर लैंड कर गया। तय शेड्यूल के मुताबिक उसे शाम 4:20 बजे पहुंचना था।लैंडिंग के बाद विमान की जांच की गई। इसी दौरान विमान में तकनीकी खराबी का पता चला, जिसके बाद उसे आगे की उड़ान के लिए रोक दिया गया। लखनऊ पहुंचने के बाद इसी विमान को इंडिगो की उड़ान 6E6968 के तौर पर शाम 5:05 बजे अहमदाबाद के लिए रवाना होना था। लेकिन लाइटनिंग स्ट्राइक के बाद विमान में तकनीकी समस्या सामने आने के कारण उसे उड़ान भरने की अनुमति नहीं दी गई।यात्रियों को परेशानी से बचाने के लिए एयरलाइन ने दूसरे विमान की व्यवस्था की। इसके बाद यात्रियों को दूसरे विमान से शाम करीब 6:22 बजे अहमदाबाद के लिए रवाना किया गया। आकाशीय बिजली की चपेट में आने के बावजूद पटना-लखनऊ उड़ान में सवार सभी 104 यात्रियों के सुरक्षित होने की जानकारी है। पायलट ने बिना किसी बड़ी परेशानी के विमान को लखनऊ एयरपोर्ट पर उतारा।विमान को आगे की उड़ान से पहले तकनीकी जांच के लिए रोक दिया गया, ताकि किसी भी संभावित जोखिम को दूर किया जा सके। इंडिगो के विमान के साथ आकाशीय बिजली गिरने की यह घटना पहली नहीं है। इससे पहले 19 जून को खराब मौसम के दौरान कोलकाता एयरपोर्ट पर खड़े इंडिगो के एक विमान पर भी बिजली गिर गई थी।विमान को अगरतला के लिए रवाना होना था। बिजली गिरने से उसके पावर सिस्टम पर असर पड़ा था। घटना के बाद विमान में सवार सभी 141 यात्रियों और 6 क्रू सदस्यों को सुरक्षित उतार लिया गया था।बाद में यात्रियों को दूसरे विमान के जरिए अगरतला भेजा गया था।
