banganews.net

कोलकाता के चोरबागान सार्वजनीन दुर्गा पूजा पंडाल में शनिवार शाम हुई भगदड़ की घटना ने दुर्गा पूजा के उत्सव के बीच शोक का माहौल पैदा कर दिया है। इस हादसे पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से उनकी बातचीत हुई है। अमित शाह ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की।अमित शाह ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट ‘एक्स’ पर पोस्ट कर इस दुर्घटना को अत्यंत दुखद बताया। उन्होंने मृतकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासन की ओर से घायलों को हर संभव चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। केंद्रीय गृह मंत्री ने घोषणा की कि पश्चिम बंगाल में रविवार को निर्धारित उनके सभी कार्यक्रम स्थगित रहेंगे। वह अस्पताल जाकर हादसे में घायल लोगों से मुलाकात करेंगे और उनके स्वास्थ्य की जानकारी लेंगे। अमित शाह ने मां दुर्गा से सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की। प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार, शनिवार शाम उत्तर कोलकाता के शारदा पार्क स्थित चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल के पास भारी भीड़ जमा थी। इसी दौरान बारिश के बीच निकास द्वार के पास अफरा-तफरी और भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। घायलों को इलाज के लिए कलकत्ता मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस, दमकल और आपदा प्रबंधन की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटीं। हादसे में हताहतों की संख्या को लेकर शुरुआती रिपोर्टों में अलग-अलग आंकड़े सामने आए हैं।

By UJAGAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *