अमेरिका के फ्लोरिडा में रविवार को एक बड़ा विमान हादसा हुआ। यहां नौ लोगों को लेकर जा रहा एक निजी बिजनेस जेट रिहायशी इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में विमान में सवार सभी नौ लोगों की मौत हो गई। अमेरिका के परिवहन मंत्री सीन डफी ने रविवार को इसकी पुष्टि की। विमान टेक्सास के ऑस्टिन से उड़ान भरकर बहामास जा रहा था। हादसे के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। हादसे का शिकार हुआ विमान लियरजेट-60 था। यह दक्षिण फ्लोरिडा के एक रिहायशी इलाके के ऊपर से गुजरते समय अचानक नीचे की ओर गिरा और सड़क के पास जोरदार धमाके के साथ दुर्घटनाग्रस्त हो गया। टक्कर के बाद विमान में भीषण आग लग गई और आसमान में आग का बड़ा गोला दिखाई दिया। विमान सड़क के पास गिरा, जहां जमीन पर बड़ा गड्ढा बन गया। घटनास्थल पर चारों ओर आग की लपटें और काले धुएं का गुबार फैल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विमान रिहायशी मकानों के बेहद करीब गिरा। हादसे के दौरान वह घरों से कुछ ही दूरी पर सड़क के पास जा गिरा। मौके पर मौजूद लोग यह देखकर हैरान थे कि विमान मकानों और वहां से गुजर रहे वाहनों से टकराने से बाल-बाल बचा। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि हादसे में आसपास के मकानों को कोई नुकसान पहुंचा है या नहीं। हादसे के समय आसपास से गुजर रही कारों में बैठे कुछ लोगों ने विमान के आसमान से तेजी से नीचे गिरने का वीडियो रिकॉर्ड किया। वीडियो में विमान सड़क के पास गिरने के बाद आग के बड़े गोले में बदलता दिखाई दिया। घटनास्थल पर विमान के मलबे और सड़क के टूटे हिस्सों के आसपास आग की लपटें उठती रहीं। हादसा मिलिट्री ट्रेल और 10वीं एवेन्यू नॉर्थ के पास हुआ। सूचना मिलते ही दमकलकर्मी और अन्य आपातकालीन टीमें मौके पर पहुंच गईं। पाम बीच काउंटी शेरिफ कार्यालय ने सुरक्षा के मद्देनजर सड़क के दोनों ओर यातायात बंद कर दिया और वाहन चालकों से उस इलाके में जाने से बचने की अपील की। पास में काम कर रही एक महिला ने बताया कि हादसे के बाद इलाके की बिजली करीब दो घंटे तक बंद रही। ऑस्टिन-बर्गस्ट्रॉम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के प्रवक्ता जिम रेनॉल्ड्स ने बताया कि विमान निजी था। इसकी पहचान टेल नंबर N722BD से हुई है। हालांकि, उन्होंने विमान में सवार लोगों के बारे में तत्काल कोई जानकारी नहीं दी। परिवहन मंत्री सीन डफी ने बताया कि संघीय विमानन प्रशासन (FAA) हादसे की जांच में राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड (NTSB) की मदद के लिए एक टीम भेज रहा है। अधिकारियों ने अभी तक विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की वजह और उसमें सवार लोगों की पहचान सार्वजनिक नहीं की है। हादसे के कारणों की जांच जारी है।
