मणिपुर में एक बार फिर तनाव बढ़ गया है. कांगपोकपी जिले में 28 अक्टूबर से लापता दो कुकी युवकों के शव बरामद होने के बाद जिले में हिंसक झड़पें शुरू हो गई हैं, वहीं नोनी जिले में 3 और कुकी युवकों की हत्या से हालात और बिगड़ गए हैं. पुलिस के मुताबिक, 28 अक्टूबर को तापौ कुकी गांव से दो युवक लापता हुए थे. उनकी पहचान 20 साल के पाओगिनलाल हांगसिंग और टिंगिनलुन चोंग्लोई के रूप में हुई है. उनके लापता होने के बाद कमेटी ऑन ट्राइबल यूनिटी (CoTU), सदर हिल्स ने 48 घंटे के टोटल शटडाउन का ऐलान किया था. रविवार को मणिपुर पुलिस, कोबरा, CRPF, असम राइफल्स और RAF की संयुक्त टीम ने NH-2 के पूर्वी इलाके में SP रोड पर बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन चलाया, जिसमें दोनों युवकों के शव बरामद हुए. शवों को कांगपोकपी जिला अस्पताल लाया गया, जहां बड़ी भीड़ जमा हो गई. शव बरामद होते ही कांगपोकपी में झड़पें शुरू हो गईं. भीड़ को काबू करने के लिए सुरक्षा बलों ने आंसू गैस के कई गोले दागे. गुस्साए प्रदर्शनकारियों ने NH-2 को ब्लॉक कर दिया और पूरे जिले में दुकानें, बाजार और निजी संस्थान बंद रहे. इन मौतों ने कांगपोकपी में तनाव और बढ़ा दिया है. यहां युवाओं के लापता होने के बाद से ही शटडाउन चल रहा था और आवाजाही ठप हो गई थी. उनकी मौत किन हालात में हुई और इसके लिए कौन जिम्मेदार है, इसकी जांच चल रही है. विरोध प्रदर्शन तेज होने पर पुलिस शवों को कांगपोकपी में एसपी कार्यालय ले गई, जहां नाराज प्रदर्शनकारी अपना विरोध जताते रहे. बढ़ते तनाव के बीच, प्रदर्शनकारी भीड़ को तितर-बितर करने के लिए सुरक्षा बलों ने आंसू गैस के कई गोले छोड़े. प्रदर्शनकारियों ने नेशनल हाईवे-2 को भी जाम कर दिया. वहीं, ‘कमेटी ऑन ट्राइबल यूनिटी’ (CoTU) के कंप्लीट शटडाउन के कारण पूरे जिले में दुकानें, व्यापारिक प्रतिष्ठान और निजी संस्थान बंद रहे. कुकी सिविल सोसाइटी ग्रुप CoTU ने ऐलान किया है कि जब तक सरकार उनकी मांगें पूरी नहीं करती, वे दोनों युवकों के शव नहीं लेंगे. CoTU की मुख्य मांग है कि डिप्टी CM लोसी दिखो को तुरंत हटाया जाए. CoTU के प्रवक्ता एनजी लुन किपगेन ने कहा कि उन्होंने शटडाउन 24 घंटे के लिए इस उम्मीद में बढ़ाया था कि डिप्टी CM सेनापति जिले में अपने लोगों से बात कर दोनों युवकों को सुरक्षित रिहा करवाएंगे, लेकिन अब दोनों की मौत हो गई है. इसी बीच शनिवार को नोनी जिले के केकरू नागा गांव में दो हथियारबंद गुटों के बीच गोलीबारी में तीन कुकी युवकों की मौत हो गई. यह गांव नुंगबा पुलिस स्टेशन से करीब 8 किमी दूर है. मृतकों की पहचान थांगलेंसांग सिंगसन, थांगखोसेई हाओकिप और लामिनसांग किपगेन के रूप में हुई है. तीनों मूल रूप से चुराचांदपुर जिले के रहने वाले थे. कुकी इनपी मणिपुर (KIM) ने इन हत्याओं के लिए NSCN-IM और ZUF(K) के कैडरों को जिम्मेदार ठहराया है और आरोप लगाया कि शवों के साथ बर्बरता की गई है. हालांकि, पुलिस ने अभी तक हमलावरों की पहचान नहीं की है. पुलिस ने कहा है कि कानूनी कार्रवाई जारी है और दोषियों को पकड़ने के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है.

By UJAGAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *