केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह 18 और 19 जुलाई 2026 को दो दिवसीय पश्चिम बंगाल दौरे पर रहेंगे। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, 18 जुलाई की शाम वे बागडोगरा से भारतीय वायुसेना के विशेष विमान से कोलकाता पहुंचेंगे और अलीपुर स्थित सौजन्य गेस्ट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगे। 19 जुलाई को सुबह 11 बजे से दोपहर 1:15 बजे तक अमित शाह पश्चिम बंगाल की कानून-व्यवस्था को लेकर वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक करेंगे। यह बैठक अलीपुर स्थित सौजन्य गेस्ट हाउस में आयोजित होगी। दोपहर 2 बजे अमित शाह राष्ट्रीय पुस्तकालय (नेशनल लाइब्रेरी) पहुंचेंगे, जहां नव-निर्मित वर्ड म्यूजियम का उद्घाटन करेंगे। यह कार्यक्रम लगभग डेढ़ घंटे तक चलेगा। इसके बाद केंद्रीय गृह मंत्री बिस्वा बांग्ला कन्वेंशन सेंटर पहुंचेंगे, जहां अमूल बंगाल डेयरी के कर्ड प्लांट की आधारशिला रखेंगे। इस परियोजना को राज्य के डेयरी उद्योग और दुग्ध प्रसंस्करण क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कार्यक्रमों के समापन के बाद अमित शाह शाम को कोलकाता एयरपोर्ट से भारतीय वायुसेना के विशेष विमान द्वारा नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

By UJAGAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *