देश के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान आईआईटी खड़गपुर में एक और छात्र ने आत्महत्या कर ली है. पश्चिम बंगाल के खड़गपुर स्थित इस मशहूर शिक्षण केंद्र में 10 दिनों के अंदर यह इस तरह की दूसरी घटना है. आईआईटी खड़गपुर में इसी महीने एक और छात्र ने खुदकुशी कर ली थी. पिछले कुछ समय से आईआईटी खड़गपुर में छात्रों की अपनी जान लेने की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं. पुलिस के अनुसार आज, 28 अप्रैल की सुबह संस्थान में पढ़ाई कर रहे एक इंजीनियरिंग छात्र का शव मदन मोहन मालवीय हॉल में पाया गया. अधिकारियों ने बताया कि सुबह हॉल का दरवाजा नहीं खुला, जिसके बाद सुरक्षा गार्डों को सूचना दी गई. गार्डों ने दरवाजा खोला और छात्र का शव देखा. इसके बाद सुरक्षा गार्डों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने शव को बरामद कर बीसी रॉय अस्पताल पहुंचाया. वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. अधिकारियों ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला प्रतीत होता है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मृतक के परिवार को सूचित कर दिया गया है. आईआईटी खड़गपुर प्रशासन ने अभी तक इस घटनाक्रम पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है. मृतक छात्र का नाम सोहम हालदार बताया गया है. वह उत्तर 24 परगना जिले के बारासात के शालबागान क्षेत्र का निवासी था. छात्र की उम्र 22 वर्ष थी और वह आईआईटी खड़गपुर से इलेक्ट्रॉनिक्स और इलेक्ट्रिकल कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग में एमटेक कर रहा था. वह मदन मोहन मालवीय हॉल में रहता था.
