देश की जानी-मानी वरिष्ठ पत्रकार पायल मेहता का रविवार तड़के मुंबई में मात्र 46 साल की उम्र में निधन हो गया। उनके साथियों ने बताया कि शनिवार देर रात अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और उन्हें बेचैनी महसूस होने लगी। रात के करीब 2 बजे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों के इलाज शुरू करने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पायल मेहता के इस तरह अचानक चले जाने से मीडिया जगत और उनके सहयोगियों में शोक की लहर है। सोशल मीडिया पर पीएम मोदी, राजनाथ सिंह और कांग्रेस अध्यक्ष खरगे समेत कई लोगों ने शोक जताया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया के माध्यम से पत्रकार के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि पायल मेहता जी एक मेहनती पत्रकार थीं, जो जमीनी स्तर से मजबूती से जुड़ी थीं। वह अपनी रिपोर्टिंग में राष्ट्रीय मुद्दों की गहरी समझ लेकर आती थीं। उन्होंने आगे कहा कि अपने काम के अलावा, उन्हें उस दयालुता और गर्मजोशी के लिए भी हमेशा याद किया जाएगा जिससे उन्होंने कई लोगों के जीवन को छुआ। उनका अचानक और असामयिक निधन बेहद दुखद है। उनके परिवार, दोस्तों और सहयोगियों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। ईश्वर उन्हें इस कठिन घड़ी में शक्ति प्रदान करें। ओम शांति। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मेहता के निधन पर गहरा दुख जताया है। एक्स पर अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए सिंह ने कहा कि पत्रकार पायल मेहता के असामयिक निधन की खबर जानकर गहरा सदमा और दुख पहुंचा। वह हमें बहुत जल्द छोड़कर चली गई। रक्षा मंत्री ने कहा कि पायल एक बेहद मेहनती और समर्पित पत्रकार थीं, जिन्होंने बहुत प्रतिबद्धता और पेशेवर अंदाज के साथ संसद की बीट को कवर किया। संसद सत्रों के दौरान, वह सुबह से लेकर देर रात तक वहां मौजूद रहती थीं और पूरी लगन व समर्पण के साथ कार्यवाही पर नजर रखते हुए अपना काम करती थीं। उन्होंने उनके परिवार और दोस्तों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदनाएं भी व्यक्त कीं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी शोक व्यक्त करते हुए मेहता को एक मेहनती और लगनशील पत्रकार के रूप में याद किया। खरगे ने एक्स पर अपनी पोस्ट में लिखा कि पायल मेहता जी के निधन से गहरा दुख हुआ। एक मेहनती और लगनशील पत्रकार के तौर पर, उन्होंने संसद को कवर किया और सार्वजनिक मामलों की गहरी समझ रखती थीं। उनका असामयिक जाना बहुत ही व्यथित करने वाला है। उन्होंने आगे कहा कि उनके परिवार, दोस्तों और सहयोगियों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं। ईश्वर उन्हें इस मुश्किल घड़ी में शक्ति प्रदान करें।

By UJAGAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *