बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में पटाखे बनाने वाली एक इकाई में गुरुवार को हुए विस्फोट में कम से कम पांच लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि चंपाहाटी इलाके में स्थित फैक्टरी में दोपहर के समय तेज धमाका हुआ जिसके बाद इकाई में आग लग गई। उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों ने पाया कि फैक्टरी आग की लपटों में घिरी दिख रही थी और वहां से घना धुआं निकल रहा था। विस्फोट की घटना से इलाके में अफरातफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग व पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारी ने कहा कि धमाके में पांच लोग घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने कहा कि धमाके के वास्तविक कारण का पता लगाया जा रहा है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि क्या इस पटाखा निर्माण इकाई के पास जरूरी लाइसेंस था और क्या सुरक्षा नियमों का पालन किया गया था। बताते चलें कि बंगाल में पटाखा निर्माण इकाइयों में पहले भी विस्फोट की घटनाएं हो चुकी है।
