बंगाल की खाड़ी से बने चक्रवात अर्नब ने उत्तर आंध्रप्रदेश और दक्षिण ओडिशा के तट को देर रात करीब 11 बजे से 1 बजे के बीच प्रभावित किया। इसके असर से ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तटीय जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी है।दक्षिण ओडिशा के 10 जिलों में स्कूल बंद कर दिए गए हैं। वहीं करीब 5 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया है। भारी बारिश के चलते मलकानगिरी में चार पुल पानी में डूब गए, जिसके कारण इन मार्गों पर यातायात बंद करना पड़ा है। सुरक्षा को देखते हुए नेशनल हाईवे को भी बंद कर दिया गया है।ओडिशा के भद्रक में तूफानी हवाओं के कारण मछुआरों की 10 नावें डूब गईं, जबकि दर्जनों नावों के क्षतिग्रस्त होने की जानकारी सामने आई है। आंध्रप्रदेश के श्रीकाकुलम जिले के कलिंगपट्टनम और आसपास के इलाकों में भारी बारिश के साथ करीब 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं।विजयवाड़ा के निचले इलाकों में पानी भर गया है। शहर के कई स्कूलों में लगातार दूसरे दिन छुट्टी घोषित की गई है। प्रशासन ने मछुआरों से शुक्रवार सुबह तक समुद्र में नहीं जाने की अपील की है। चक्रवात के प्रभाव से पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में भी भारी बारिश हो रही है। दार्जिलिंग और कलिम्पोंग में आंधी और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

By UJAGAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *