मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में कथित अनियमितताओं को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर होने वाले ‘ककरोच जनता पार्टी’ (CJP) के विरोध प्रदर्शन से पहले राजधानी दिल्ली रणक्षेत्र में तब्दील हो गई है। प्रशासन ने प्रदर्शन की अनुमति न देते हुए दिल्ली को सुरक्षा के कड़े घेरे में ले लिया है। इस बीच, विरोध प्रदर्शन में शामिल होने पहुंची पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और टीएमसी सुप्रीमो ममता बनर्जी को दिल्ली पुलिस ने साउथ एवेन्यू के पास से हिरासत में ले लिया है। शनिवार सुबह प्रदर्शन से पहले ही पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए CJP के प्रमुख नेताओं—अभिजित दीपके, सौरभ दास और आशुतोष रांका को दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरते ही हिरासत में ले लिया। इसके अलावा ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा और अन्य नेताओं को भी एहतियातन हिरासत में लिया गया है। सुरक्षा एजेंसियों की भारी सख्ती के बावजूद जब विपक्षी नेता और कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे, तो पुलिस ने ताबड़तोड़ गिरफ्तारियां शुरू कर दीं। तमाम पाबंदियों को दरकिनार करते हुए पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, सांसद डोला सेन, डेरेक ओ’ब्रायन और अन्य टीएमसी नेताओं के साथ साउथ एवेन्यू बस स्टैंड के पास सड़क पर धरने पर बैठ गईं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए भारी पुलिस बल और सीआरपीएफ जवानों ने उन्हें घेर लिया और तुरंत प्रिजन वैन में बैठाकर ले गए। वैन में बैठते समय ममता बनर्जी ने इस कार्रवाई को **”अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण”** करार दिया। टीएमसी सांसद साकेत गोखले ने भी सोशल मीडिया के जरिए पार्टी नेताओं की अवैध हिरासत की पुष्टि की है।प्रशासन ने जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों को पूरी तरह सील कर दिया है। शहरभर में दिल्ली पुलिस और केंद्रीय अर्धसैनिक बलों (CAPFs) के 40 हजार से अधिक जवानों को तैनात किया गया है।

  • धारा 163 लागू: जनपथ-कर्तव्यपथ क्रॉसिंग के आसपास के इलाकों में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत सभाओं और रैलियों पर रोक लगा दी गई है।
  • मेट्रो स्टेशन बंद: दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने सुरक्षा के मद्देनजर 45 से अधिक मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार बंद कर दिए हैं। नमो भारत के सराए काले खान और न्यू अशोक नगर स्टेशन भी बंद हैं।
  • ट्रेन सेवाएं प्रभावित: भारी सड़क यातायात और भीड़भाड़ की आशंका के चलते रेलवे ने शनिवार को सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशनों पर आने वाली कई मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को उनके शुरुआती स्टेशनों पर ही रद्द कर दिया है।
  • शराब की दुकानें बंद: आबकारी विभाग के आदेश के तहत दिल्ली भर में खुदरा शराब की दुकानें बंद रखी गई हैं।

CJP और अन्य विपक्षी दल चुनाव आयोग के पूर्ण आयोग द्वारा SIR (Special Intensive Revision) प्रक्रिया से जुड़े फैसलों पर सवाल उठा रहे हैं। द इंडियन एक्सप्रेस की एक हालिया खोजी रिपोर्ट में दावा किया गया था कि चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने पिछले 10 महीनों में 14 बार SIR से जुड़े फैसलों पर आपत्ति जताई थी। CJP संस्थापक अभिजित दीपके का आरोप है कि 2024 के बाद से मतदाता सूची से करीब 13 करोड़ मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं, जो चुनावी नतीजों को प्रभावित कर सकते हैं।

By UJAGAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *