दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के कालिंदी कुंज इलाके से सामने आई एक घटना में पुलिस और दमकल विभाग की तत्परता से दो महिलाओं की जान बचाई गई. मामला खड्डा कॉलोनी का है, जहां 2 अक्टूबर को पुलिस को एक महिला के कमरे में खुद को बंद कर लेने की पीसीआर कॉल मिली थी. सूचना मिलते ही कालिंदी कुंज थाना पुलिस की टीम डीडी ब्लॉक जैतपुर एक्सटेंशन पार्ट-2 पहुंची. मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि करीब 25 साल की एक महिला पहली मंजिल की बालकनी से नीचे सड़क की तरफ कूद गई थी और घायल हो गई थी. पुलिस ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया. इसी दौरान दिल्ली फायर सर्विस की टीम भी मौके पर पहुंच गई. वहीं दूसरी 24 साल की महिला ने खुद को कमरे के अंदर बंद कर लिया था. दमकलकर्मियों की मदद से कमरे को खोला गया तो पता चला कि महिला घर के शाफ्ट में जा गिरी थी. शाफ्ट की जगह बेहद मुश्किल और जानलेवा थी. ऐसे में पुलिस और फायर सर्विस की टीम ने मिलकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. डीसीपी साउथ-ईस्ट विनीत कुमार ने कहा कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों महिलाएं आपस में ननद और भाभी हैं और घटना के वक्त घर में मौजूद थीं. एक महिला ने दूसरी का एक वीडियो बनाकर किसी अन्य व्यक्ति को भेजा था, जिसके बाद दोनों के बीच कहासुनी और विवाद हुआ. विवाद के दौरान एक महिला ने कथित तौर पर बालकनी से छलांग लगा दी. इसके बाद दूसरी ने खुद को कमरे में बंद कर लिया और बाद में घर के शाफ्ट में कूद गई. रेस्क्यू के बाद दोनों महिलाओं को तत्काल मेडिकल सहायता दी गई. दूसरी महिला को पीसीआर वैन के जरिए एम्स ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया, जबकि पहली महिला को पहले फेलिज अस्पताल ले जाया गया और बाद में बेहतर इलाज के लिए एम्स ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया. इस पूरी घटना में कालिंदी कुंज थाना पुलिस, पीसीआर और दिल्ली फायर सर्विस की टीम के बीच बेहतर तालमेल और समय पर की गई कार्रवाई से दोनों महिलाओं की जान बचाई जा सकी. दक्षिण-पूर्वी जिला पुलिस का कहना है कि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई कर लोगों की जान बचाना उनकी प्राथमिकता है.

By UJAGAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *