सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के बाद अब ‘दिमागी नक्सल पार्टी’ नाम से बना एक नया अकाउंड रातोंरात सुर्खियों में आ गया है। इस अकाउंट ने महज 24 घंटों में 1.7 लाख से अधिक फॉलोअर्स हासिल कर लिए हैं। इंस्टाग्राम पर मौजूद जानकारी के अनुसार, यह अकाउंट इसी महीने खोला गया था। लॉग से पता चलता है कि यूजरनेम एक बार बदला गया था। इस अकाउंट पर अब तक 63 पोस्ट किए गए हैं। यह लगभग 35 लोगों को फॉलो करता है। हालांकि, इसका संचालन कौन कर रहा है, इस बारे में कोई जानकारी साझा नहीं की गई है। दरअसल, यह मामला ऐसे समय में सामने आया है जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वतंत्रता दिवस के अपने भाषण में सशस्त्र नक्सलियों के खात्मे का जिक्र करते हुए देश को घात लगाकर बैठे ‘बुद्धिजीवी/दिमागी नक्सलियों’ से सतर्क रहने का आह्वान किया था। जिसके बाद दिमागी नक्सल पार्टी चर्चा में आई है। इस नाम से इंस्टाग्राम पर कई अकाउंट दिख रहे हैं। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लाल किले की प्राचीर से पीएम मोदी ने अपने भाषण में कहा, “भले ही जंगल में हथियार उठाने वाले नक्सल खत्म हो गए हों, लेकिन दिमागी नक्सल अब भी मौके की तलाश में हैं। वे हिंसा के तरीके ढूंढ रहे हैं और देश को गलत रास्ते पर ले जाने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे लोगों की पहचान कर उन्हें अलग-थलग किया जाना चाहिए।” केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने अपने पोस्ट में साफ किया कि ‘दिमागी नक्सल’ शब्द का इस्तेमाल विशेष रूप से उन लोगों के लिए किया गया है जो, माओवादियों का समर्थन करते हैं और भारतीय संविधान को नहीं मानते। अलगाववादियों के साथ खड़े होते हैं और जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 का समर्थन करते हैं। भारत के पूर्वोत्तर हिस्से को देश के बाकी हिस्सों से अलग करने के लिए चिकन्स नेक को काटने की साजिश रचते हैं।

By UJAGAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *