अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने ओमान को चेतावनी दी है। ट्रंप ने कहा है कि अगर ओमान स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में ईरान के साथ अमेरिका के टकराव के बीच रुकावट बना, तो वे उस पर खतरनाक बमबारी करेंगे। ट्रंप ने यह बात सोमवार को फॉक्स न्यूज को दिए एक इंटरव्यू में कही। यह इंटरव्यू अमेरिका-ईरान सीजफायर की समय-सीमा खत्म होने से कुछ दिन पहले आया है। ट्रंप ने कहा, ‘अगर ओमान बीच में आया, तो हम उन पर जबरदस्त बमबारी करेंगे।’ पिछले कुछ हफ्तों से, ईरानी राजनयिक ओमान के अधिकारियों के साथ बातचीत कर रहे हैं ताकि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से शिपिंग के मैनेजमेंट के लिए एक अस्थायी समझौता किया जा सके। ट्रंप की यह प्रतिक्रिया तब आई जब उनसे ईरान और ओमान के बीच जलडमरूमध्य (स्ट्रेट) के कंट्रोल को लेकर चल रही बातचीत के बारे में पूछा गया। पत्रकार ट्रे यिंगस्ट ने राष्ट्रपति के साथ अपने इंटरव्यू के बारे में एक्स पर पोस्ट किया कि ट्रंप ने कहा कि ईरान को आत्मसमर्पण का सफेद झंडा लहराना चाहिए। ट्रंप ने कहा, ‘वे अच्छे पोकर खिलाड़ी हैं, लेकिन वे खत्म हो रहे हैं।’ ट्रंप ने आगे कहा, ‘मेरे पास कोई समय-सीमा नहीं है। मुझे कोई जल्दी नहीं है मध्यावधि चुनावों का मेरी सोच से कोई लेना-देना नहीं है,।’ ट्रुथ सोशल पर एक अलग पोस्ट में, ट्रंप ने कहा कि अमेरिका का मुख्य लक्ष्य यह तय करना होगा कि ईरान के पास कभी भी परमाणु हथियार न हों। उन्होंने लिखा, ‘सबसे बड़ा टारगेट यही है और हमेशा यही रहेगा कि ईरान के पास किसी भी तरह से परमाणु हथियार न हों।’ ये टिप्पणियां ऐसे समय में आई हैं जब ईरान और अमेरिका के बीच 60 दिनों की युद्धविराम की समय-सीमा खत्म होने वाली है।
