पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी जी ने मंगलवार को कहा कि राज्य सरकार 27 मई से अन्नपूर्णा योजना के लिए फॉर्म जारी करना शुरू करेगी जिसके तहत महिलाओं को प्रति माह 3,000 रुपये दिए जाएंगे. मुख्यमंत्री जी ने कहा कि मौजूदा लक्ष्मी भंडार योजना तब तक जारी रहेगी जब तक कि नई योजना पूरी तरह से लागू नहीं हो जाती. कल्याणी में आयोजित प्रशासनिक समीक्षा बैठक के बाद अधिकारी जी ने कहा कि यह प्रक्रिया बुधवार से औपचारिक रूप से शुरू हो जाएगी. उन्होंने कहा, ‘जिस प्रकार हम स्वास्थ्य साथी योजना को आयुष्मान भारत में परिवर्तित होने तक जारी रख रहे हैं, उसी प्रकार अन्नपूर्णा योजना के पूरी तरह लागू होने तक लक्ष्मी भंडार योजना जारी रहेगी. कल से अन्नपूर्णा योजना की प्रक्रिया शुरू हो रही है.’ अधिकारी जी ने कहा कि योजना के फॉर्म नबन्ना से जारी किए जाएंगे और ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से उपलब्ध कराए जाएंगे. उन्होंने कहा, ‘मैं मंत्री अग्निमित्रा पॉल के साथ कल मुख्य सचिव और गृह सचिव की उपस्थिति में नबन्ना से ‘अन्नपूर्णा योजना’ का फॉर्म जारी करूंगा. इसके लिए डिटेल गाइडलाइन भी जारी की जाएगी.’ सीएम शुभेंदु जी कहा कि नामांकन और सत्यापन के तुरंत बाद लाभार्थियों को भुगतान मिलना शुरू हो जाएगा. अधिकारी जी ने कहा,’जैसे ही फॉर्म भरे जाएंगे, लाभार्थियों के खातों में 3,000 रुपये जमा होने शुरू हो जाएंगे. लोग जितनी जल्दी रजिस्ट्रेशन पूरा करेंगे, उतनी ही जल्दी उन्हें लाभ मिलेगा.’ मुख्यमंत्री जी ने कहा कि विधायक और जिलाधिकारी महिलाओं को आवेदन प्रक्रिया पूरी करने में सहायता करेंगे. उन्होंने कहा, ‘लोगों को पूरी तरह से उनके हाल पर नहीं छोड़ा जाएगा. विधायक लाभार्थियों को फॉर्म भरने में मदद करेंगे, जबकि प्रखंड विकास अधिकारी (बीडीओ) के नेतृत्व में टीमें घर-घर जाकर आवेदकों की सहायता करेंगी.’ अधिकारी जी ने यह भी स्पष्ट किया कि इस योजना के लिए केवल भारतीय नागरिक ही पात्र होंगे. उन्होंने कहा, ‘ध्यान रखें कि यह अवसर केवल भारतीयों को ही मिलेगा. भारत का पैसा बांग्लादेश से आने वाले घुसपैठियों के लिए नहीं है. यह बात अब बिल्कुल स्पष्ट हो चुकी है.’

By UJAGAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *